पावर ग्रिड के विरोध में धरना प्रदर्शन, ग्रामीणों में दिखा आक्रोश
गजा में पावर ग्रिड के खिलाफ नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान के नेतृत्व में ग्रामीणों ने किया धरना
अनिश्चितकालीन आंदोलन की दी चेतावनी
गजा, टिहरी गढ़वाल, (डी.पी. उनियाल):
नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत गजा के वार्ड संख्या चार में पावर ग्रिड कारपोरेशन द्वारा आबादी वाले क्षेत्र से हाई टेंशन लाइन को जबरदस्ती ले जाने के खिलाफ ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व नगर पंचायत के अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान ने किया, जिन्होंने तहसील गजा परिसर में धरना दिया और तहसीलदार के माध्यम से जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल को ज्ञापन भेजा।
ग्रामीणों का बढ़ता आक्रोश:
शहीद बेलमति चौहान चौक से ग्रामीण हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर नारेबाजी करते हुए तहसील परिसर पहुंचे। यहां पर एक सभा का आयोजन किया गया, जिसमें नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान ने कहा कि पिछले आठ वर्षों से ग्रामीण पावर ग्रिड से हाई टेंशन लाइन को स्थानांतरित करने की मांग कर रहे हैं, क्योंकि वर्तमान में यह लाइन बौंर डांडा से गुजर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यह लाइन कुछ दूरी पर बन विभाग की भूमि से ले जाई जानी चाहिए, लेकिन पावर ग्रिड के अधिकारियों की हठधर्मिता के कारण यह मांग पूरी नहीं हो पा रही है।
आंदोलन की चेतावनी:
सभा को पूर्व सभासद सुनील सिंह चौहान, व्यापार सभा अध्यक्ष विनोद सिंह चौहान, जसवंत सिंह, रिटायर सूबेदार मनजीत नेगी, प्रेम सिंह चौहान, पूर्व मनोनीत सभासद जोत सिंह चौहान, श्रीमती राखी देवी, गीता देवी और अन्य ने भी संबोधित किया। सभी ने एकजुट होकर कहा कि यदि उनकी मांगों को जल्द नहीं माना गया तो वे अनिश्चितकालीन धरना, प्रदर्शन और अनशन करेंगे।
सभी ने किया समर्थन:
धरना प्रदर्शन में सभासद राजेन्द्र सिंह चौहान, रंजना देवी, जमुना देवी, साहब सिंह, वीरेंद्र सिंह, पूर्व सभासद विनोद सिंह, कुशाला लाल, चमन सिंह, महाबीर सिंह चौहान और अन्य ग्रामीणों ने भी अपना समर्थन दिया।
पावर ग्रिड से हुई बातचीत:
धरना प्रदर्शन के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान ने पावर ग्रिड के मैनेजर आशीष शर्मा से दूरभाष पर बात की और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल से हाल ही में हुई वार्ता का जिक्र करते हुए पावर ग्रिड से तुरंत सर्वे कराकर लाइन को बन विभाग की भूमि से स्थानांतरित करने की मांग की।
अधिकारियों की कार्रवाई:
धरने के दौरान तहसीलदार गजा ने भी ज्ञापन लिया और बताया कि वह जिलाधिकारी को अविलंब ज्ञापन भेजेंगे।
