प्रधानमंत्री ने दी पीएम किसान योजना के 6 वर्ष पूरे होने पर किसान भाइयों को बधाई, किसानों के खातों में पहुंचे साढ़े तीन लाख करोड़ रुपए
अब तक लगभग 3.5 लाख करोड़ रुपए किसानों के खातों में पहुँच चुके हैं: प्रधानमंत्री मोदी
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना के छठे वर्ष के अवसर पर देश के सभी किसान भाइयों और बहनों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि अब तक लगभग 3.5 लाख करोड़ रुपए किसानों के खातों में सीधे पहुँचाए जा चुके हैं। यह योजना किसानों की आर्थिक मदद के साथ उनकी समृद्धि और उन्नति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई है।
प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा:
“पीएम-किसान के 6 वर्ष पूरे होने पर देशभर के हमारे किसान भाई-बहनों को बहुत-बहुत बधाई। मेरे लिए अत्यंत संतोष और गर्व का विषय है कि अब तक करीब साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये उनके खाते में पहुंच चुके हैं। हमारा ये प्रयास अन्नदाताओं को सम्मान, समृद्धि और नई ताकत दे रहा है।”
प्रधानमंत्री ने किसानों के प्रति अपने गर्व और प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि सरकार भारतीय किसानों, जो देश के अन्नदाता हैं, के जीवन को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने मायगवइंडिया (MyGovIndia) द्वारा ‘एक्स’ पर पोस्ट किए गए एक थ्रेड पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा:
“हमें अपने अन्नदाताओं पर गर्व है और उनके जीवन को बेहतर बनाने की हमारी प्रतिबद्धता नीचे थ्रेड में उल्लेख किए गए प्रयासों में परिलक्षित होती है।” #PMKisan
इस योजना के अंतर्गत किसानों को सीधे लाभ पहुँचाने और उनकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पीएम किसान योजना एक सफल पहल साबित हुई है।
