फर्नीचर और कवर्ड मार्केट की अव्यवस्थाओं पर डीएम नाराज, सुधार कार्यों में तेजी के निर्देश
करीब 23 करोड़ की एडीबी परियोजना का जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण, जल निकासी, वायरिंग और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
टिहरी, 13 अगस्त 2026। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने बुधवार को बौराड़ी स्थित फर्नीचर मार्केट एवं कवर्ड मार्केट में एडीबी के अंतर्गत लगभग 23 करोड़ रुपये की लागत से किए जा रहे सुधारात्मक एवं निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पूर्व में दिए गए निर्देशों की प्रगति का क्रॉस वेरिफिकेशन करते हुए मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मार्केट में विभिन्न स्तर पर सामने आई अव्यवस्थाओं पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को सुधार कार्यों में तेजी लाने और सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
फर्नीचर मार्केट में सीलन और जल निकासी की समस्या
फर्नीचर मार्केट के निरीक्षण के दौरान सीलन एवं जल निकासी की समस्या सामने आई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को ज्वाइंट से पानी के रिसाव को तत्काल ठीक करने तथा आवश्यक वाटरप्रूफिंग ट्रीटमेंट कराने के निर्देश दिए। उन्होंने ड्रेनेज सिस्टम को भी दुरुस्त करने को कहा, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।
मार्केट में खुले एवं लटकते विद्युत तारों को देखते हुए जिलाधिकारी ने वायरिंग को व्यवस्थित कर बंचिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत संबंधी सभी कार्य नगर पालिका एवं विद्युत विभाग के समन्वय से शीघ्र पूरा कराने को कहा। साथ ही मार्केट के बीच स्थित विद्युत पोल को भी दोनों विभागों के समन्वय से अन्यत्र स्थानांतरित करने के निर्देश दिए।
नालियों की नियमित सफाई और छतों की सफाई पर जोर
पेड़ों की पत्तियों के कारण नालियां चोक होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने नगर पालिका के समन्वय से नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने मार्केट की छतों की सफाई के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जल निकासी, विद्युत वायरिंग, सफाई एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कवर्ड मार्केट में गंदगी और खुले तारों पर जताई नाराजगी
कवर्ड मार्केट के निरीक्षण के दौरान भी खुले में लटकते तार, गंदगी तथा दुकानों के बाहर खाली स्थानों पर कूड़ा-करकट पाया गया। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को दुकानों के बाहर खाली स्थान को दो दिन के भीतर भरने तथा नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीढ़ियों के समीप दुकानों के शटर के ऊपर बनाए गए स्लैबों से दुर्घटना की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी ने उन्हें हटाने के निर्देश भी दिए।
डिजाइन की कमियों के समाधान के लिए एडीबी टीम को भेजा जाएगा पत्र
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि पूर्व में किए गए निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुपालन का क्रॉस वेरिफिकेशन करने के उद्देश्य से यह निरीक्षण किया गया है। उन्होंने कहा कि डिजाइन में जो कमियां रह गई हैं, उनके समाधान के लिए एडीबी की डिजाइन टीम को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण एवं सुधार कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि कार्य पूर्ण होने के बाद फर्नीचर मार्केट एवं कवर्ड मार्केट की बेहतर व्यवस्थाएं स्थानीय व्यापारियों और आमजन को सुविधा देने के साथ ही क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने में भी सहायक सिद्ध होंगी।
इस अवसर पर अध्यक्ष व्यापार मंडल शिवराज सिंह सजवाण, प्रोजेक्ट मैनेजर एडीबी अमित रुसिया, अधिशासी अभियंता लोनिवि चंबा राजेंद्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
