छह वर्षों से निष्क्रिय 6 RUPP दलों को सूची से हटाया गया, 11 दलों को 27 अगस्त तक जवाब देने का निर्देश
देहरादून। उत्तराखण्ड के 6 राजनीतिक दलों के लिए आज एक बड़ी खबर है। भारत निर्वाचन आयोग ने उत्तराखण्ड में चुनावी सुधार की दिशा में बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 पंजीकृत अमान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों (RUPP) को डीलिस्ट कर दिया है। ये सभी दल पिछले 6 वर्षों से निष्क्रिय थे और न तो किसी चुनाव में भाग ले रहे थे, न ही इनके कार्यालयों का अस्तित्व भौतिक सत्यापन में पाया गया।
आयोग ने इन दलों को आदेश की तिथि से 30 दिन के भीतर अंतिम अपील का अवसर दिया है।
डीलिस्टेड दलों की सूची
- भारतीय जनक्रान्ति पार्टी, देहरादून
- हमारी जनमंच पार्टी, देहरादून
- मैदानी क्रान्ति दल, देहरादून
- प्रजा मण्डल पार्टी, पौड़ी गढ़वाल
- राष्ट्रीय ग्राम विकास पार्टी, हरिद्वार
- राष्ट्रीय जन सहाय दल, देहरादून
दूसरे चरण में आयोग ने 11 अन्य निष्क्रिय राजनीतिक दलों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इन दलों को 27 अगस्त 2025 तक जवाब देने का समय दिया गया है, अन्यथा इन्हें भी सूची से हटाया जा सकता है।
नोटिस प्राप्त दल
भारत कौमी दल, भारत परिवार पार्टी, भारतीय मूल निवासी समाज पार्टी, भारतीय सम्राट सुभाष सेना, भारतीय अन्तोदय पार्टी, भारतीय ग्राम नगर विकास पार्टी, गोरखा डेमोक्रेटिक फ्रन्ट, पीपल्स पार्टी, प्रजातन्त्र पार्टी ऑफ इण्डिया, सुराज सेवा दल, उत्तराखण्ड जनशक्ति पार्टी।
निर्वाचन आयोग का उद्देश्य इस प्रक्रिया से राजनीतिक व्यवस्था का शुद्धिकरण और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता लाना है। सभी राजनीतिक दलों का पंजीकरण लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 29ए के तहत किया जाता है।
