Dr. Monika Sammal
अब बड़े शहरों का रुख नहीं, अल्मोड़ा में ही संभव नाक–कान की जटिल चिकित्सा
अल्मोड़ा | SKS News
पंडित हर गोविंद पंत जिला चिकित्सालय, अल्मोड़ा की स्वास्थ्य सेवाएं निरंतर सुदृढ़ होती जा रही हैं। आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता और चिकित्सकों की प्रतिबद्धता का सीधा लाभ अब आम मरीजों को मिलने लगा है। चिकित्सालय में तैनात विशेषज्ञ डॉक्टर अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करते हुए संवेदनशीलता और समर्पण का परिचय दे रहे हैं।
इसी क्रम में जिला चिकित्सालय के ईएनटी विभाग ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। जागेश्वर निवासी 18 वर्षीय युवक, जो पिछले करीब छह वर्षों से कान के पर्दे की गंभीर समस्या से पीड़ित था, का दूरबीन विधि (माइक्रोस्कोपिक तकनीक) से जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया। यह सर्जरी ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. मोनिका सम्मल द्वारा की गई।
इस सफल ऑपरेशन के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि अब अल्मोड़ा के मरीजों को नाक-कान से संबंधित सर्जरी के लिए हल्द्वानी या बरेली जैसे बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा। जिला चिकित्सालय में ही उच्च स्तरीय ईएनटी उपचार संभव हो रहा है।
समय रहते बच्चे की जान बची
इसी दिन एक अन्य मामले में डॉ. मोनिका सम्मल ने एक छोटे बच्चे की नाक में फंसी जोंक को समय रहते सुरक्षित रूप से निकालकर उसकी जान बचाई। त्वरित चिकित्सकीय हस्तक्षेप से बच्चे को बड़ी परेशानी से राहत मिली। इस मानवीय और सजग उपचार के लिए परिजनों ने डॉक्टर एवं अस्पताल प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जताया गर्व
इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे ने कहा कि यह सभी अल्मोड़ा वासियों के लिए अत्यंत खुशी और गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा में वर्तमान समय में काबिल, अनुभवी और समर्पित डॉक्टर अपनी उत्कृष्ट सेवाएं दे रहे हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों को शीघ्र ही सम्मानित किया जाएगा, जिससे उनका मनोबल और अधिक बढ़े।
रेफर सेंटर नहीं, अब इलाज का भरोसेमंद केंद्र
ये घटनाएं इस बात का प्रमाण हैं कि जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा अब केवल एक रेफर सेंटर नहीं रह गया है। यहां अब जटिल से जटिल चिकित्सा मामलों का भी सफल उपचार संभव हो रहा है।
उन्नत सुविधाएं, समर्पित चिकित्सक और जनसेवा की भावना—यही बदलते अल्मोड़ा और सशक्त होते स्वास्थ्य तंत्र की पहचान बन रही है।
