जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर प्रभावित क्षेत्रों में शीघ्र राहत-बहाली की मांग रखी
नई टिहरी।
जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से भेंट कर लगातार हो रही भारी बरसात और दैवीय आपदा से प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं को उठाते हुए सड़क, पेयजल, विद्युत एवं संपर्क मार्गों को तत्काल सुचारु करने की मांग की।
जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल के अध्यक्ष राकेश राणा और प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल ने कहा कि विगत माह से जारी भारी बरसात और आपदाओं ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है।
15 सितंबर 2025 की रात हेंवल नदी में आई भारी बाढ़ और भूस्खलन से तिमली सेरा के 12 परिवार तथा ग्राम चोम्पा (तिमलीसेरा, आमसेरा, खाड़ी तोक) के कई परिवार प्रभावित हुए हैं। वहीं, प्रतापनगर विकासखंड के पोखरी गांव में हुए भू-धंसाव से ग्रामीण भय और दहशत में हैं।
प्रदेश कांग्रेस के सचिव सैयद मुसर्रफ़ अली, देवेंद्र नौटियाल और युवा कांग्रेस टिहरी विधानसभा अध्यक्ष नवीन सेमवाल ने कहा कि सकलाना पट्टी के कई गांव भी आपदा की चपेट में आए हैं। यहां बिजली, पानी और पुल टूटने की वजह से आवागमन ठप हो गया है।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि जिला मुख्यालय नई टिहरी का संपर्क राष्ट्रीय राजमार्ग (चंबा–ऋषिकेश–देहरादून मार्ग) से कट जाने के कारण मुख्यालय में दैनिक खाद्य सामग्री, दूध और सब्जियों की भारी कमी हो रही है।
कांग्रेस नेताओं ने जिलाधिकारी से मांग की कि प्रभावित क्षेत्रों में राजस्व विभाग की टीम से तत्काल निरीक्षण कराया जाए और प्रभावित ग्रामीणों तक खाद्य सामग्री, बिजली, पेयजल और दूरसंचार की सुविधाएं तुरंत बहाल की जाएं।
ज्ञापन देने वालों में शामिल थे –
जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल के अध्यक्ष राकेश राणा, प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुरारी लाल खंडवाल, प्रदेश सचिव मुशर्रफ़ अली, प्रदेश कांग्रेस सदस्य देवेंद्र नौटियाल तथा युवा कांग्रेस टिहरी विधानसभा अध्यक्ष नवीन सेमवाल आदि।
