किरायेदार सत्यापन, डेंगू नियंत्रण, बिजली-पानी आपूर्ति और यात्रा मार्गों पर सुविधाओं के लिए मुख्यमंत्री ने दिए स्पष्ट आदेश
मुख्यमंत्री ने फेक न्यूज फैलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई और किरायेदार सत्यापन अनिवार्य करने के भी दिए सख्त निर्देश
📍 देहरादून।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा सहित प्रदेश के सभी धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री आवास से आयोजित वर्चुअल बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी अपने-अपने जिलों में सुरक्षा व्यवस्था की नियमित निगरानी करें और किसी भी तरह की लापरवाही न हो।
मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा के दौरान फेक न्यूज फैलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई करने और सही सूचनाएं नियमित रूप से विभिन्न माध्यमों से साझा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि राज्य में किरायेदारों का सत्यापन न कराने वालों के खिलाफ भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए, साथ ही ठेली, फड़ और झुग्गियों में रहने वालों का भी सत्यापन किया जाए।
अन्य महत्वपूर्ण निर्देश:
- वनाग्नि प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए और दोषियों पर कठोर कार्रवाई हो।
- डेंगू नियंत्रण के लिए नियमित फॉगिंग और जागरूकता अभियान चलाया जाए।
- ग्रीष्मकाल में बिजली और पानी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
- कैंचीधाम वार्षिकोत्सव को देखते हुए सड़कों और पार्किंग की व्यवस्था दुरुस्त की जाए।
- ऑफिसों का औचक निरीक्षण, बहुद्देशीय शिविर और बीडीसी बैठकों को नियमित किया जाए।
- स्मार्ट मीटर परियोजना की प्रगति पर नजर रखी जाए और विद्युत बिल की शिकायतों का त्वरित निस्तारण हो।
- 10 करोड़ तक के टेंडर स्थानीय ठेकेदारों को दिए जाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
- सौर स्वरोजगार योजना के लक्ष्यों को पूरा करने के लिए जनपदवार टारगेट तय किए जाएं।
- चारधाम यात्रा में यातायात प्रबंधन, रेट लिस्ट की जांच और स्वच्छता व सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए।
- यात्रा मार्गों पर स्थानीय घोड़ा-खच्चर संचालकों को प्राथमिकता दी जाए और श्रद्धालुओं के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित हों।
बैठक में उपस्थित:
प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, अपर पुलिस महानिदेशक ए.पी. अंशुमान, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय, कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत और सभी जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल रहे।
