विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 में बीएलओ दीपा एवं सुमन देवी ने पेश की मिसाल, समय से पूर्व पूरा किया मतदाता सत्यापन कार्य
गणना प्रपत्र वितरण और ऑनलाइन डिजिटाइजेशन में उत्कृष्ट प्रदर्शन, जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने की सराहना
टिहरी गढ़वाल, 17 जून 2026, SKS News।
विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR)-2026 के तहत जनपद टिहरी गढ़वाल में मतदाता सूची के अद्यतन एवं सत्यापन का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार बूथ स्तर पर कार्यरत बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) मतदाताओं तक पहुंचकर गणना प्रपत्रों का वितरण एवं उनके डिजिटाइजेशन का कार्य कर रहे हैं। इसी क्रम में धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत तहसील नैनबाग की बीएलओ दीपा एवं सुमन देवी ने अपने उत्कृष्ट कार्य से विशेष पहचान बनाई है।
राजकीय प्राथमिक विद्यालय घराडा के शेडो एरिया बूथ संख्या-14 पर कुल 351 मतदाता पंजीकृत हैं। बीएलओ दीपा ने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद घर-घर जाकर सभी मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराए। साथ ही बीएलओ ऐप के माध्यम से सभी आवश्यक जानकारियों का ऑनलाइन डिजिटाइजेशन भी सफलतापूर्वक पूरा किया। उन्होंने 08 जून से 14 जून 2026 के बीच मात्र सात दिनों में अपने बूथ का संपूर्ण ऑफलाइन एवं ऑनलाइन कार्य पूर्ण कर अनुकरणीय कार्यशैली का परिचय दिया।
इसी प्रकार राजकीय प्राथमिक विद्यालय मरोड़ स्थित बूथ संख्या-03 पर कार्यरत बीएलओ सुमन देवी ने भी उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। उनके बूथ पर कुल 139 मतदाता पंजीकृत हैं। उन्होंने सभी 139 मतदाताओं तक गणना प्रपत्र पहुंचाने के साथ-साथ सभी प्रपत्रों का ऑनलाइन डिजिटाइजेशन कार्य भी पूर्ण किया। सुमन देवी ने 08 जून से 15 जून 2026 तक केवल आठ दिनों में अपने बूथ से संबंधित संपूर्ण कार्य पूर्ण कर कर्तव्यनिष्ठा, लगन एवं समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान दोनों बीएलओ ने दुर्गम क्षेत्रों में पहुंचकर मतदाताओं से सीधा संपर्क स्थापित किया। उन्होंने न केवल समयबद्ध तरीके से गणना प्रपत्रों का वितरण सुनिश्चित किया, बल्कि ऑनलाइन डेटा अपलोडिंग और सत्यापन कार्य भी निर्धारित समय से पूर्व पूरा कर लिया। उनके इस प्रयास से कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन को गति मिली है।
जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने बीएलओ दीपा एवं सुमन देवी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि दोनों अधिकारियों ने अपने समर्पण, अनुशासन और कार्यनिष्ठा से अन्य बीएलओ के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण अभियान है और इसमें बूथ स्तरीय अधिकारियों की भूमिका अत्यंत अहम है।
जिलाधिकारी ने जनपद के सभी बीएलओ से अपेक्षा की कि वे भी इसी प्रकार पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दें।
