विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का टिहरी में शंखनाद, 7 जुलाई तक घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने नागरिकों से मांगा सहयोग, ‘Book a Call with BLO’ सुविधा से प्रवासी और कामकाजी मतदाताओं को मिलेगी राहत
सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने नागरिकों से मांगा सहयोग, ‘Book a Call with BLO’ सुविधा से प्रवासी और कामकाजी मतदाताओं को मिलेगी राहत
टिहरी गढ़वाल, 9 जून 2026 | SKS News
भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के क्रम में उत्तराखंड में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR) के तहत सोमवार से जनपद टिहरी गढ़वाल में मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं अद्यतन के लिए घर-घर गणना फार्म वितरण अभियान की औपचारिक शुरुआत हो गई। इस अभियान के तहत बूथ लेवल ऑफिसर्स (BLO) प्रत्येक मतदाता तक पहुंचकर गणना फार्म वितरित करेंगे तथा भरे हुए फार्म एकत्रित करेंगे।
मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) वरुणा अग्रवाल ने जनपद के सभी नागरिकों से इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित होना अत्यंत आवश्यक है। यह सुनिश्चित करना सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है कि कोई पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज न हो।
सीडीओ ने बताया कि अभियान को पारदर्शी एवं सुचारू रूप से संचालित करने के लिए जनपद स्तर पर बीएलओ, आईटी विशेषज्ञों तथा नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है। सभी संबंधित कार्मिकों को पूर्व में आवश्यक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जा चुका है।
उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि जब बीएलओ उनके घर पहुंचे तो गणना फार्म प्राप्त कर उसमें मांगी गई सभी जानकारियां सही एवं पूर्ण रूप से भरकर वापस जमा करें, ताकि मतदाता सूची का पुनरीक्षण प्रभावी ढंग से किया जा सके।
प्रवासी एवं कामकाजी मतदाताओं की सुविधा के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा “Book a Call with BLO” नामक आधुनिक डिजिटल सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इस सुविधा के माध्यम से मतदाता निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in या ECI-Net मोबाइल एप के जरिए अपने बीएलओ के साथ ऑनलाइन कॉल बुक कर सकते हैं। कॉल बुक होने के अधिकतम दो दिनों के भीतर संबंधित बीएलओ मतदाता से संपर्क स्थापित करेंगे।
सीडीओ ने बताया कि यदि किसी मतदाता से पहली बार संपर्क नहीं हो पाता है तो बीएलओ उसके पते पर कुल तीन बार जाएंगे। यदि तीसरी बार भी मुलाकात नहीं होती है, तो बीएलओ घर के बाहर एक विशेष सूचना स्टीकर लगाएंगे, जिसमें उनके अगले भ्रमण की तिथि, समय एवं संपर्क नंबर अंकित होगा।
उन्होंने शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि ऐसे युवा, जो 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं अथवा किसी कारणवश अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, उन्हें मतदाता पंजीकरण के लिए जागरूक किया जाए। ऐसे पात्र नागरिक अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर फार्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं।
इसके अतिरिक्त नगर पालिका, नगर पंचायत, स्वास्थ्य विभाग, शहरी विकास विभाग तथा सूचना विभाग को भी SVEEP कार्यक्रम के अंतर्गत व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक इस अभियान की जानकारी पहुंच सके और मतदाता सूची का शत-प्रतिशत शुद्धिकरण सुनिश्चित किया जा सके।
