वीर शिरोमणि गबर सिंह नेगी की 131वीं जयंती पर दी गई सशस्त्र सलामी
वीर शिरोमणि वीसी गबर सिंह नेगी की 131वीं जयंती पर दी गई सशस्त्र सलामी
रिपोर्ट: सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’
चंबा — प्रथम विश्व युद्ध के महानायक एवं गबर सिंह नेगी को उनकी 131वीं जयंती के अवसर पर श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए पुष्पचक्र अर्पित कर शस्त्र सलामी दी गई।
इस अवसर पर पांचवीं गढ़वाल राइफल्स से आए मेजर अभिजीत एवं उनकी सैन्य टुकड़ी ने स्मारक स्थल पर क्षेत्रीय विधायक किशोर उपाध्याय और नगर पालिका अध्यक्ष शोभनी धनोला के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके उपरांत सैन्य टुकड़ी द्वारा शस्त्र सलामी दी गई तथा गढ़वाल राइफल्स के जवानों ने बैगपाइप की मधुर धुन प्रस्तुत कर माहौल को भावुक बना दिया।
कार्यक्रम में विधायक किशोर उपाध्याय निर्धारित समय से पहले ही स्मारक स्थल पर पहुंच गए थे। उन्होंने पूर्व सैनिकों को सम्मानस्वरूप रुद्राक्ष मालाएं पहनाईं तथा सैनिक विश्रामगृह के निर्माण हेतु 10 लाख रुपये की धनराशि देने की घोषणा की।
कमांडेंट धनसिंह नेगी के निर्देशन में गबर सिंह चौक पर बच्चों द्वारा जूडो-कराटे का आकर्षक प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम के दौरान कवि सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’ ने वीर रस की कविताएं प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह में देशभक्ति का उत्साह भर दिया।
सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा, जहां एसएचओ स्वयं जवानों के साथ व्यवस्था संभालते नजर आए। सैन्य कार्यक्रम के समापन के पश्चात पारंपरिक गबर सिंह मेला का शुभारंभ हुआ।
इस अवसर पर पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष संजय रावत, संरक्षक देव सिंह पुंडीर, मेला समिति अध्यक्ष इंद्र सिंह नेगी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, पूर्व सैनिक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
