सतपुली को मिली उच्च शिक्षा की नई सौगात: डॉ. धन सिंह रावत ने किया डिग्री कॉलेज भवन का लोकार्पण
बोले उच्च शिक्षा मंत्री – अब सतपुली क्षेत्र के विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए नहीं जाना पड़ेगा बाहर, पॉलिटेक्निक कॉलेज निर्माण कार्यों का भी किया निरीक्षण
सतपुली/देहरादून, 11 मई 2026।
उत्तराखंड सरकार द्वारा पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने रविवार को सतपुली स्थित राजकीय महाविद्यालय के नवनिर्मित भवन का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर प्रदेश के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
राजकीय महाविद्यालय सतपुली में आयोजित भव्य कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि सतपुली क्षेत्र लंबे समय से उच्च शिक्षा के लिए मजबूत आधारभूत सुविधाओं की प्रतीक्षा कर रहा था, जो अब पूरी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय को स्थायी भवन मिलने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बड़े शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना है। इसी दिशा में सरकार लगातार ब्लॉक स्तर पर बेहतर शिक्षण संस्थानों की स्थापना एवं विकास कार्य कर रही है। डॉ. रावत ने कहा कि नई शिक्षा सुविधाएं न केवल विद्यार्थियों के भविष्य को संवारेंगी बल्कि क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी नई गति देंगी।
इस दौरान उच्च शिक्षा मंत्री ने सतपुली स्थित निर्माणाधीन पॉलिटेक्निक कॉलेज भवन का स्थलीय निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति एवं समयबद्ध पूर्णता को लेकर अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अपने जनपद भ्रमण के दौरान डॉ. धन सिंह रावत ने श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के धारकोट, ताल एवं पाली-चोपड़ा जैसे सुदूरवर्ती क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाते हुए स्थानीय लोगों से मुलाकात की। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा और शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य तथा रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
