स्वास्थ्य विभाग को शीघ्र मिलेंगे 276 नए चिकित्सक: डॉ. धन सिंह रावत
देहरादून, 27 फरवरी 2025
उत्तराखंड के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को जल्द ही 276 नए चिकित्सक मिलेंगे। राज्य चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड ने इन चिकित्सकों के बैकलॉग पदों के लिए भर्ती विज्ञापन जारी किया है। इच्छुक अभ्यर्थी 31 मार्च 2025 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इन पदों की पूर्ति से विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में डॉक्टरों की कमी दूर होगी, जिससे लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिलेंगी।
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा, “सरकार ने स्वास्थ्य विभाग के रिक्त पदों को भरने के लिए राज्य चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड को 276 पदों के लिए अधियाचन भेजा था। इस अधियाचन के तहत चिकित्सा अधिकारियों के बैकलॉग पदों में अनुसूचित जाति (SC) के लिए 183, अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए 6, अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए 59, दिव्यांगजन के लिए 4 पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के तहत और 24 पद अनारक्षित श्रेणी के तहत निर्धारित किए गए हैं।”
उन्होंने बताया कि आवेदन प्रक्रिया 11 मार्च 2025 से शुरू होगी और अंतिम तिथि 31 मार्च 2025 है।
पर्वतीय क्षेत्रों में चिकित्सा सेवाओं में सुधार
डॉ. रावत ने बताया कि इन 276 पदों पर नियुक्ति से विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में डॉक्टरों की कमी दूर होगी। सरकार का उद्देश्य हर चिकित्सा इकाई में नियमित डॉक्टरों की नियुक्ति करना है ताकि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके। इसके साथ ही पैरामेडिकल स्टाफ, फार्मासिस्टों, और आधुनिक चिकित्सा उपकरण भी अस्पतालों में उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य लक्ष्य हर नागरिक को स्थानीय स्तर पर उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना है।
