हर घर तिरंगा अभियान: न्यू टिहरी में 14 अगस्त से लगेगी विशेष चित्र प्रदर्शनी
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी करेंगे फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन
नई टिहरी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए केंद्रीय संचार ब्यूरो (CBC), देहरादून, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा न्यू टिहरी में 14 अगस्त से विशेष एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम्’ एवं ‘विभाजन की विभीषिका’ विषयों पर विशेष फोटो प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।
अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए गुरुवार को न्यू टिहरी में केंद्रीय संचार ब्यूरो के प्रचार वाहन को जिलाधिकारी श्रीमती नितिका खंडेलवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जिले में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत संचालित गतिविधियों एवं तैयारियों की जानकारी दी।
देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश घर-घर पहुंचाने का आह्वान
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने जिलेवासियों से अभियान में सक्रिय सहभागिता करने तथा अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना व्यक्त करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि न्यू टिहरी में आयोजित होने वाली फोटो प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन और विशेष रूप से युवाओं एवं विद्यार्थियों को देश की स्वतंत्रता, राष्ट्रीय ध्वज की गौरवशाली यात्रा तथा राष्ट्रभक्ति से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को जानने और समझने का अवसर मिलेगा।
‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘विभाजन की विभीषिका’ पर प्रदर्शनी
केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून के कार्यक्रम अधिकारी श्री अनिल दत्त शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से 14 एवं 15 अगस्त को न्यू टिहरी में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि फोटो प्रदर्शनी में ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘विभाजन की विभीषिका’ जैसे विषयों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। प्रदर्शनी का उद्देश्य लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के गौरवशाली इतिहास, उसकी यात्रा, ‘वंदे मातरम्’ की ऐतिहासिक एवं राष्ट्रीय विरासत तथा विभाजन की विभीषिका से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों से परिचित कराना है।
14 अगस्त को निकलेगी तिरंगा रैली
कार्यक्रम अधिकारी अनिल दत्त शर्मा ने बताया कि 14 अगस्त की सुबह तिरंगा रैली आयोजित की जाएगी। रैली के माध्यम से आमजन एवं युवाओं के बीच राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश पहुंचाया जाएगा।
इसके अलावा प्रदर्शनी देखने आने वाले विद्यार्थियों के लिए विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रीय ध्वज, देशभक्ति एवं राष्ट्रीय मूल्यों से जुड़े विषयों को रोचक और सहभागितापूर्ण तरीके से समझने का अवसर मिलेगा।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी करेंगे प्रदर्शनी का उद्घाटन
कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि राज्य के कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी 14 अगस्त को ‘हर घर तिरंगा’ विषय पर आयोजित फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे।
उन्होंने आमजन से न्यू टिहरी में आयोजित इस विशेष प्रदर्शनी में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी तिरंगे की गौरवपूर्ण यात्रा, ‘वंदे मातरम्’ की ऐतिहासिक विरासत और विभाजन की विभीषिका से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों को समझने का अवसर प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश के गौरवशाली इतिहास के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
