‘हर घर तिरंगा’ से गूंजा मजरा महादेव महाविद्यालय, विद्यार्थियों ने लिया राष्ट्रप्रेम का संकल्प
राजकीय महाविद्यालय मजरा महादेव में तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रीय एकता को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
मजरा महादेव, पौड़ी गढ़वाल। राजकीय महाविद्यालय मजरा महादेव में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए तिरंगे के प्रति सम्मान और देश के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजेश कुमार ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय ध्वज केवल देश की पहचान नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता, स्वतंत्रता और गौरव का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करते हुए देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का निर्वहन करे।
‘हर घर तिरंगा’ को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान
कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. चन्द्र बल्लभ नैनवाल ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के उद्देश्य एवं महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने घरों पर तिरंगा फहराने के साथ-साथ अपने परिवार, गांव और आसपास के लोगों को भी अभियान से जोड़ें।
उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान युवाओं में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ ही राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देते हैं।
विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर किया प्रतिभाग
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. राजेंद्र सिंह, डॉ. सिद्धार्थ रजक, डॉ. आशीष घिल्डियाल एवं सीमा सहित शिक्षणेत्तर कर्मचारी उदय राम पंत, विक्रम रावत, मनोज रावत एवं सुनील उपस्थित रहे।
महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखने, राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति सजग रहने तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के समापन पर महाविद्यालय परिसर में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
