ग्राम आंद्रेठी में आयोजित हुआ फार्मर रजिस्ट्री कैंप, किसानों को दी गई योजनाओं की जानकारी
फार्मर आईडी के माध्यम से पीएम किसान सम्मान निधि, फसल बीमा और किसान क्रेडिट कार्ड योजनाओं का मिलेगा लाभ
जाखणीधार, टिहरी गढ़वाल, 20 मई 2026 | SKS News।
भारत सरकार द्वारा संचालित डिजिटल डाटाबेस कार्यक्रम फार्मर रजिस्ट्री के अंतर्गत अधिक से अधिक किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से तहसील जाखणीधार के ग्राम आंद्रेठी में फार्मर रजिस्ट्री कैंप आयोजित किया गया।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल एवं अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी के निर्देशानुसार आयोजित इस कैंप में किसानों की फार्मर आईडी तैयार की गई।
किसानों को मिलेगा योजनाओं का सीधा लाभ
कैंप में राजस्व, कृषि एवं उद्यान विभाग के नामित कार्मिकों द्वारा किसानों का पंजीकरण किया गया। फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, फसल बीमा योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे एवं पारदर्शी तरीके से प्राप्त होगा।
अधिकारियों ने किसानों को बताया कि फार्मर आईडी बनने के बाद योजनाओं का लाभ लेने में पारदर्शिता बढ़ेगी और किसानों को बार-बार दस्तावेजी प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा।
गांव-गांव किया जा रहा प्रचार-प्रसार
कृषकों को योजना से जोड़ने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक किसान इस पहल का लाभ उठा सकें। प्रशासन द्वारा किसानों को डिजिटल प्रणाली से जोड़ने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कैंप में राजस्व विभाग से पटवारी तोता सिंह एवं कृषि विभाग से सहायक कृषि अधिकारी शिखा विश्वास उपस्थित रहे।
इस अवसर पर ग्राम आंद्रेठी एवं अंजनीसैंण के ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करते हुए फार्मर रजिस्ट्री प्रक्रिया में सहयोग किया।
