महिला दिवस पर महिलाओं को भी किया गया सम्मानित
चंबा, रिपोर्ट: सोमवारी लाल सकलानी निशांत’। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चंबा ने रविवार को आकाश लोक होटल सभागार में स्व. डॉ. मोहनलाल उनियाल की जयंती मनाई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. उनियाल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष मानसिंह रौतेला और ब्लॉक प्रमुख गीता डबराल सहित वरिष्ठ नेताओं ने डॉ. उनियाल के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि डॉ. उनियाल आयुर्वेद, ज्योतिष, राजनीति और सामाजिक चिंतन के क्षेत्र में अद्वितीय व्यक्तित्व थे। चिकित्सक के रूप में उन्होंने हजारों रोगियों को नया जीवन दिया और गीता का गढ़वाली अनुवाद कर क्षेत्र को नई दिशा दी।
डॉ. उनियाल के योगदान को किया याद
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष साब सिंह सज्वाण ने उनके कांग्रेस पार्टी में योगदान पर प्रकाश डाला। पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष पीयूष उनियाल, सूरज राणा, सुमन रमोला, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सोबन सिंह नेगी, वरिष्ठ नेता त्रिलोक सिंह सज्वाण, नरेंद्र चंद रमोला, गीता नेगी और शिब्बी भंडारी ने अपने विचार रखे।
डॉ. उनियाल के पुत्र सुरेंद्र मोहन उनियाल और राकेश मोहन उनियाल को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सामाजिक कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारियों को भी शाल ओढ़ाकर सम्मान दिया गया।
विचारधारा और राजनीति पर चर्चा
मानसिंह रौतेला ने कहा कि स्व. मोहनलाल उनियाल की वैचारिकता आज भी प्रासंगिक है और विचारधारा से समझौता नहीं किया जा सकता। त्रिलोक सिंह सज्वाण ने कहा कि झूठ की राजनीति को बेनकाब करना सबका कर्तव्य है।
वहीं, सूरज राणा ने चंबा के विकास में आई रुकावटों पर चिंता व्यक्त की और सुमन रमोला ने कहा कि मातृशक्ति कांग्रेस के लिए लगातार कार्यरत है।
कविताओं से किया स्मरण
जनकवि सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’ ने अपनी कविताओं के माध्यम से डॉ. मोहनलाल उनियाल को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर नरेंद्र सिंह सज्वाण, मनोहरी लाल डबराल, बचन लाल, पी.डी. थपलियाल, गुरु प्रसाद उनियाल सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
