चंबा के श्रीदेव सुमन इंटर कॉलेज में एंटी ड्रग्स यूनिट का गठन, छात्रों को नशा मुक्त जीवन का संदेश
नालसा योजना के तहत जागरूकता कार्यशाला—नशे के दुष्प्रभाव और बचाव पर छात्रों से सीधा संवाद
चंबा (टिहरी गढ़वाल) | रिपोर्ट: सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’ | दिनांक: 2 अप्रैल 2026
राष्ट्रीय लीगल सर्विस अथॉरिटी (NALSA) की महत्वाकांक्षी योजना “ड्रग्स अवेयरनेस एंड वेलनेस नेवीगेशन फॉर ड्रग्स फ्री इंडिया” के अंतर्गत टिहरी गढ़वाल जनपद के श्रीदेव सुमन राजकीय इंटर कॉलेज में एंटी ड्रग्स यूनिट का गठन किया गया। यह पहल जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) टिहरी के निर्देशानुसार की गई है।
विद्यालय में आयोजित कार्यशाला में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति, उसके कारण, प्रभाव और उससे बचाव के उपायों पर छात्र-छात्राओं के साथ विस्तृत संवाद किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
शिक्षाविद् सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’ ने इस अवसर पर एंटी ड्रग यूनिट के गठन के उद्देश्य और महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज के आधुनिक समय में किसी भी प्रकार का नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, समाज और भविष्य के लिए हानिकारक है। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर इस तरह की इकाइयों का गठन युवाओं को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
न्याय मित्र गुड्डी रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि यह यूनिट विद्यालय के प्रधानाचार्य के नेतृत्व में कार्य करेगी, जिसमें एक प्रभारी शिक्षक, छात्र-छात्राएं, स्थानीय चिकित्सक और समाज के गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यालय में नशा विरोधी जागरूकता अभियान चलाना है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य आर.एस. नेगी ने कहा कि किशोरावस्था में बच्चे अपने आसपास के वातावरण से अत्यधिक प्रभावित होते हैं, इसलिए उन्हें सही मार्गदर्शन देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि एंटी ड्रग यूनिट का गठन छात्रों को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखने और समाज में जागरूकता फैलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर कविता रणावत, शैलेंद्र डोभाल, जे.एस. नेगी, राजेश सर, मंजीत नकोटी, दीपक रौतेला, डॉ. विनोद चौहान सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
