पेयजल, सड़क, वन्यजीव व विकास कार्यों पर हुई विस्तृत चर्चा, अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
चंबा, टिहरी |
जनपद टिहरी गढ़वाल के चंबा में बुधवार को क्षेत्र पंचायत प्रमुख सुमन सजवाण की अध्यक्षता में बीडीसी (ब्लॉक विकास समिति) की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय तथा जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की उपस्थिति रही।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि सदन के सभी सदस्यों को उसकी गरिमा के अनुरूप कार्य करते हुए अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को प्रभावी ढंग से सदन के समक्ष रखना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को पूरी तैयारी के साथ बीडीसी बैठकों में प्रतिभाग करने तथा सदस्यों द्वारा उठाई गई समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जल संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि जल स्रोतों पर जल संवर्धन के कार्य अनिवार्य रूप से कराए जाएं, जिससे भविष्य में पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को मनरेगा के माध्यम से अधिकाधिक कार्य कराए जाने के निर्देश दिए। साथ ही चीड़ की पत्तियों के संग्रह कर वन विभाग को जमा कराने की अपील की, जिसके अंतर्गत वन विभाग द्वारा ₹10 प्रति किलोग्राम की दर से खरीद की जाएगी।
बैठक में ग्राम प्रधान चोपड़ियाल गांव विनोद डबराल ने एनएच–707 पर नालियों के चौक होने से बरसात के दौरान उत्पन्न समस्याओं का मुद्दा उठाया। ग्राम प्रधान मंज्यूड रानी नेगी ने सड़क के सेंसिटिव जोन की जानकारी दी। वहीं ग्राम प्रधान मंज्यूड द्वारा गुल्डी क्षेत्र में बीआरओ के डंपिंग जोन से बरसात में मिट्टी खिसकने तथा एनएच–34 के अंतर्गत टनल निर्माण से एक दंपत्ति के मकान पर खतरे और मुआवजा/किराया न मिलने का विषय रखा गया, जिस पर जिलाधिकारी ने पत्रावली की जांच कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
पेयजल समस्याओं को लेकर ग्राम प्रधान बनाली, ग्वाड (विजेंद्र सकलानी), क्षेत्र पंचायत सदस्य वीड, ग्राम प्रधान सुदाड़ा, जसपुर एवं पाटा द्वारा समस्याएं रखी गईं। ग्राम प्रधान जसपुर ने पुरानी व क्षतिग्रस्त जल लाइनों की मरम्मत की मांग की। इस पर जल निगम एवं जल संस्थान के अधिशासी अधिकारियों के. एन. सेमवाल तथा प्रशांत भारद्वाज ने पंपिंग योजना व 24 घंटे जलापूर्ति व्यवस्था की जानकारी दी। ग्राम सभा पाटा के कुलानंद चमोली ने पानी में मिट्टी की अधिक मात्रा व टैंक सफाई की आवश्यकता बताई, जबकि क्षेत्र पंचायत सदस्य सावित्री रावत ने लावाधार क्षेत्र में तीन दिनों से पानी न आने की समस्या रखी।
वन्यजीवों से जुड़ी समस्याओं पर ग्राम प्रधान केमवाल गांव ने बंदरों के आतंक व भालुओं से हो रही परेशानी की जानकारी दी। वन विभाग ने बताया कि भालुओं की निगरानी हेतु लगातार गश्त की जा रही है तथा गर्मी बढ़ने पर वे ऊंचाई वाले क्षेत्रों की ओर चले जाते हैं। ग्राम प्रधान अदिति ने चंबा–मसूरी मार्ग पर कनाताल से पूर्व सड़क किनारे नालियों के निर्माण की मांग रखी, जिस पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जगदीश खाती ने एस्टीमेट तैयार कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इसके अतिरिक्त पंकज सकलानी एवं ग्राम प्रधान खेमड़ा द्वारा सड़क डामरीकरण व नालियों के निर्माण की मांग रखी गई, जिस पर राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों ने आगामी वित्तीय वर्ष में कार्य पूर्ण किए जाने का भरोसा दिलाया।
बैठक में ज्येष्ठ उप–प्रमुख संजय मैठाणी, कनिष्ठ उप–प्रमुख सरोजनी मखलोगा, नगर पालिका परिषद चंबा अध्यक्ष शोभनी धनोला, क्षेत्र पंचायत सदस्य, प्रधानगण, पी. एस. चौहान, एम. एम. खान, खंड विकास अधिकारी शाकिब हुसैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
