बकरी यूनिट व ड्रैगन फ्रूट खेती के प्रस्ताव
गजा | डी पी उनियाल
प्रगति क्लस्टर स्वायत्त सहकारिता समूह, विकास खंड नरेंद्र नगर की वार्षिक आम सभा बैठक का आयोजन सरस्वती विद्या मंदिर पोखरी भवन में किया गया। बैठक के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य जोत सिंह असवाल रहे।
बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इस अवसर पर ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना के अंतर्गत महिला समूहों द्वारा वित्तीय वर्ष 2024–25 में किए गए कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया, साथ ही चालू वित्तीय वर्ष में संचालित एवं प्रस्तावित गतिविधियों की जानकारी दी गई।
वार्षिक आम सभा में बताया गया कि ग्राम किराडा में सामुदायिक स्तर पर बकरी यूनिट (एकीकृत गोट फार्मिंग) का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें गांव की महिला समूह सक्रिय रूप से भागीदारी करेंगी। इस यूनिट का उद्घाटन जनवरी माह के अंतिम सप्ताह में प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त ग्राम सैण में 25 नाली कृषि भूमि पर ड्रैगन फ्रूट की व्यावसायिक खेती का प्रस्ताव है, जिस पर फरवरी माह से कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
परियोजना के तहत व्यक्तिगत स्तर पर भी कृषि एवं गैर-कृषि उद्यमों को बढ़ावा दिया गया है। इनमें मधुमक्खी पालन, बकरी पालन, मशरूम उत्पादन सहित अन्य गतिविधियां शामिल हैं, जिन पर पिछले दो वर्षों से कार्य किया जा रहा है। भविष्य की योजना के तहत परियोजना के लिए संग्रहण केंद्र के निर्माण का प्रस्ताव भी रखा गया है, जिसके लिए पोखरी में भूमि का चयन कर लिया गया है तथा भूमि रजिस्ट्री की प्रक्रिया प्रगति पर है।
बैठक में मुकेश विजल्वाण (प्रधान, पलोगी), राधिका नेगी (जयकोट), मंगेश उनियाल (चाका बैरोला), अमिता (किराडा) सहित महिला समूह की गुड्डी देवी, अक्षा असवाल, लक्ष्मी देवी, प्रियंका देवी, शिवानी, लक्ष्मी, विजय लक्ष्मी, सीता देवी, लीला देवी तथा अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं।
