जनता मिलन कार्यक्रम में उठे मुद्दों पर त्वरित कार्यवाही न करने वाले अधिकारियों पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की सख्त पहल
टिहरी/दिनांक 28 नवंबर, 2025
टिहरी गढ़वाल की जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने प्रशासनिक लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए चार अधिकारियों के नवंबर माह के वेतन आहरण पर रोक लगाने के आदेश जारी किए हैं। संबंधित अधिकारियों में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग (चंबा) जगदीश खाती, अधिशासी अभियंता लोनिवि कीर्तिनगर धीरेन्द्र कुमार, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग विशाल सिंह चौहान, तथा अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत गजा रोहित कुमार शामिल हैं।
समय पर एटीआर प्रस्तुत न करने पर कार्रवाई
जिलाधिकारी ने बताया कि उक्त सभी अधिकारियों द्वारा निर्धारित समय सीमा में एटीआर (Action Taken Report) उपलब्ध नहीं कराई गई। इससे प्रशासनिक कार्यवाही की गति प्रभावित हुई, जिसके चलते यह कदम उठाया गया है।
समय पर जवाब प्रस्तुत न कर पाने को कर्तव्य में शिथिलता मानते हुए डीएम ने कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।
नकारात्मक समाचारों की समीक्षा के बाद कार्रवाई
जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान स्थानीय समाचार पत्रों में प्रकाशित नकारात्मक खबरों की समीक्षा की गई थी। इस दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को तुरंत आवश्यक कार्यवाही करने के स्पष्ट निर्देश दिए थे।
किन्तु चारों अधिकारियों द्वारा निर्धारित समयावधि में अनुपालना नहीं की गई। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने उनके माह नवंबर के वेतन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी।
प्रशासनिक जिम्मेदारी और जवाबदेही का संदेश
जिलाधिकारी की इस कार्रवाई को प्रशासनिक जवाबदेही को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता से जुड़े मुद्दों पर किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और आगे भी इसी प्रकार की लापरवाही मिलने पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
