जिलाधिकारी टिहरी ने जनता दरबार में सुनी 44 शिकायतें, अधिकारियों को दिए शीघ्र निस्तारण के निर्देश
नई टिहरी, 22 सितम्बर 2025।
जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने सोमवार को जनपद मुख्यालय नई टिहरी में आयोजित जनता दरबार कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न विभागों की कुल 44 जन शिकायतें दर्ज की गईं।
✦ शिकायतों की समीक्षा और निस्तारण पर जोर
डीएम ने सीएम हेल्पलाइन पोर्टल एवं सीएम जन समर्पण पोर्टल पर लंबित शिकायतों की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही एक ही विषय पर बार-बार आ रही शिकायतों का विस्तृत विवरण तैयार करने को कहा गया।
उन्होंने कहा कि जनता दरबार में जनपद मुख्यालय से बाहर के सभी जिला स्तरीय अधिकारी भी भौतिक रूप से उपस्थित रहें, ताकि शिकायतों का त्वरित समाधान हो सके।
✦ आपदा प्रभावित क्षेत्रों पर विशेष ध्यान
जनता दरबार में आपदा प्रभावित क्षेत्रों में बिजली, पानी, सड़क आदि सुविधाओं की स्थिति पर भी समीक्षा की गई।
- मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए गए कि आपदाग्रस्त क्षेत्रों में संचालित एवं बंद स्कूलों की रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
- सीवीओ को निर्देशित किया गया कि आपदाग्रस्त गांवों में पशुओं का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कर प्रतिदिन गांव-वार रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।
- पेयजल विभाग ने जानकारी दी कि तोलियाकाटल, भरवाकाटल, सौंदणा, रगड़गांव में आपूर्ति सुचारू कर दी गई है, वहीं सकलाना पट्टी में अतिरिक्त पाइप भेजे जा रहे हैं।
✦ ग्रामीणों की समस्याएं और कार्रवाई
जनता दरबार में आए ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याएं रखीं—
- ग्राम टटोर निवासी मनोज सिंह ने खतौनी में दर्ज अशुद्ध नाम ठीक करने की मांग की।
- ग्राम टटोर के ही गंभीर सिंह ने फसली वर्ष 1396 से 1401 तक खतौनी अभिलेखों की जांच की मांग की। इस पर एसडीएम धनोल्टी को जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए।
- ग्राम नैचोली के ग्रामीणों ने नागराजा मंदिर के जीर्णोद्धार व पुनर्निर्माण हेतु धनराशि उपलब्ध कराने और मुख्य सड़क से गांव तक पैदल मार्ग के लिए स्वीकृति की मांग की। इस पर डीडीओ को आवश्यक कार्यवाही करने को कहा गया।
इसके अलावा, सड़क, शिक्षा, आपदा, पुनर्वास, पेयजल, बाल विकास आदि विभागों से संबंधित शिकायतों पर भी संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।
✦ अधिकारी रहे मौजूद
जनता दरबार कार्यक्रम में सीडीओ वरुणा अग्रवाल, आईएसए प्रशिक्षु स्नेहिल कुंवर सिंह, एडीएम ए.के. सिंह, सीओ टिहरी ओसिन जोशी, सीएमओ श्याम विजय, पीडी डीआरडीएपी एस. चौहान, डीडीओ मो. असलम, एसडीएम संदीप कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी भौतिक एवं वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
