अल्मोड़ा आयुर्वेदिक चिकित्सालय नवरात्रि पर बंद
अल्मोड़ा। जिले के पंडित हरगोविंद पंत जिला चिकित्सालय परिसर स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय नवरात्रि के पहले ही दिन बंद पड़ा मिला। इलाज के लिए आए मरीज दर-दर भटकते रहे, जबकि डॉक्टर और स्टाफ को “कैंप ड्यूटी” के नाम पर रैमजे इंटर कॉलेज भेज दिया गया।
जिले के मुख्य आयुर्वेदिक अस्पताल का बंद रहना न केवल प्रशासनिक उदासीनता को उजागर करता है, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति लापरवाह रवैये को भी सामने लाता है।
✦ सामाजिक कार्यकर्ता ने उठाई आवाज
सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे ने इस गंभीर मामले को उजागर करते हुए अस्पताल के बंद होने का वीडियो सार्वजनिक किया। उन्होंने आरोप लगाया कि बहुउद्देशीय शिविरों की आड़ में जिला अस्पताल को ठप कर देना मरीजों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में ऐसा दोबारा हुआ तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
✦ प्रमुख माँगें
संजय पाण्डे ने जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग से यह माँग की है—
- बहुउद्देशीय शिविरों की आड़ में जिला अस्पताल की सेवाएँ बाधित न की जाएँ।
- आयुर्वेदिक चिकित्सालय को हमेशा खुला रखा जाए, ताकि मरीजों को प्राथमिक चिकित्सा मिल सके।
- जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।
- जनता की सुविधा और जीवन से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त न किया जाए।
