राजस्व प्रकरणों की स्थिति पर भी हुई विस्तृत चर्चा, म्यूटेशन और वन भूमि हस्तांतरण मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
टिहरी गढ़वाल, 26 अगस्त 2025।
जिला कार्यालय के वीसी कक्ष में जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में लैंड बैंक से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी तहसीलदार एवं पटवारी अपने-अपने क्षेत्रों में भूमि का निरीक्षण कर श्रेणीवार विवरण UK-GAMS पोर्टल पर दर्ज करना सुनिश्चित करें।
जीआईएस एनालिस्ट हिमांशु सजवान ने अवगत कराया कि अब तक आठ तहसीलों में प्रशिक्षण कार्य पूर्ण कर लिया गया है जबकि शेष तहसीलों में प्रशिक्षण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के साथ-साथ भूमि विवरण दर्ज करने का कार्य भी समानांतर रूप से चल रहा है।
बैठक में जिलाधिकारी ने राजस्व से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। इस दौरान धारा–34 (दाखिल-खारिज) एवं धारा–143 (कृषक भूमि को अकृषक भूमि में परिवर्तित करने) से जुड़े मामलों पर विशेष चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि धारा–34 के अंतर्गत दर्ज सभी म्यूटेशन प्रकरणों में से जो 35 दिन में निस्तारित हो गए हैं उन्हें छोड़कर शेष प्रकरणों को अविवादित, विवादित तथा 6 माह से 1 वर्ष तक लंबित मामलों के रूप में वर्गीकृत किया जाए। साथ ही वन भूमि हस्तांतरण से जुड़े प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अवधेश कुमार, एसडीएम संदीप कुमार, डीएसटीओ साक्षी सहित सभी उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल रहे।
