प्रतापनगर ब्लॉक में दर्दनाक दुर्घटना, मोटरसाइकिल खाई में गिरने से दोनों की मौके पर ही मौत, कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश राणा ने जताया शोक
स्थान: पट्टी उपली रमोली/प्रतापनगर, टिहरी गढ़वाल | तिथि: 27 अगस्त 2025
प्रतापनगर ब्लॉक के पट्टी उपली रमोली क्षेत्र में बीती रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, मुखमाल गांव निवासी बालकृष्ण (19) पुत्र गुड्डू सिंह राणा और पोखरी निवासी विपिन (17) पुत्र अजय पोखरियाल बुधवार को दिन में आधार कार्ड बनवाने उत्तरकाशी गए थे। देर शाम घर लौटते समय भारी बारिश और सड़क पर पत्थर गिरने के कारण उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर कोडार दीन गांव–मुखेम मोटर मार्ग पर ओनालगांव के समीप लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
स्थानीय ग्रामीणों ने घटना की सूचना प्रशासन को दी और मौके पर बचाव कार्य किया गया, लेकिन तब तक दोनों युवकों की सांसें थम चुकी थीं।
इस दुःखद घटना पर जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल के अध्यक्ष राकेश राणा ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह हादसा पूरे क्षेत्र के लिए असहनीय पीड़ा लेकर आया है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस विपत्ति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
