टिहरी में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने हेतु जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश, लापरवाह अधिकारियों-कर्मचारियों पर होगी कार्रवाई
टिहरी गढ़वाल, 29 अगस्त 2025 ।
जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने नगर पालिका परिषद टिहरी को निर्देश दिए हैं कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी समय पर कूड़ा कलेक्शन यूजर चार्जेस जमा करें।
नगर पालिका परिषद द्वारा अवगत कराया गया कि कूड़ा वाहन के माध्यम से घर-घर से कूड़ा एकत्रित कर निस्तारण की कार्यवाही की जाती है, जिसके लिए प्रति माह यूजर चार्जेस वसूले जाते हैं। किंतु संज्ञान में आया है कि कई पूल्ड एवं नॉन-पूल्ड आवासों में रह रहे अधिकारी-कर्मचारी समय पर भुगतान नहीं कर रहे हैं।
इस पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि—
- सभी अधिकारी-कर्मचारी समय पर यूजर चार्जेस का भुगतान करें।
- जिनका भुगतान लंबित है, वे तुरंत नगर पालिका परिषद को जमा करें।
- भुगतान नहीं करने की स्थिति में वेतन से सीधे कटौती की जाएगी।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी कूड़ा केवल नगर पालिका के कलेक्शन वाहनों में ही डालें, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने चेतावनी दी कि निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन कराया जाएगा और किसी भी लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई होगी।
