उत्तराखंड शासन ने पंचायत चुनाव 2025 के बाद शपथ ग्रहण एवं प्रथम बैठक की तिथि घोषित की, हरिद्वार को छोड़कर सभी जिलों में कार्यक्रम होंगे आयोजित
देहरादून, 29 अगस्त 2025:
उत्तराखंड शासन ने पंचायती राज संस्थाओं के हाल ही में सम्पन्न हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव-2025 के बाद प्रदेश में आपदा के चलते शपथ ग्रहण एवं प्रथम बैठक की तिथियों में बदलाव किया है। शासन के आदेशानुसार प्रदेशभर में नवनिर्वाचित क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण समारोह 3 सितम्बर 2025 व जिला पंचायत के शपथ ग्रहण 5 को होंगे, जबकि 4 एवं 6 सितम्बर 2025 को जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत की प्रथम बैठकों का आयोजन किया जाएगा।
शासन के आदेश में कहा गया है कि हरिद्वार जनपद को छोड़कर शेष सभी जिलों में पंचायत प्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण एक साथ कराया जाएगा। वहीं, हरिद्वार जिले में स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए कार्यक्रम की तिथियाँ अलग से तय की जाएंगी।
प्रदेशभर में चुने गए जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में शपथ लेंगे। इसके बाद प्रथम बैठक की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
इस निर्णय से ग्रामीण स्तर पर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को नई गति मिलने की उम्मीद है। शासन ने संबंधित जिलाधिकारियों को निर्देशित किया है कि शपथ ग्रहण एवं प्रथम बैठकें सांविधानिक प्रावधानों एवं कोविड-उपयुक्त व्यवहार को ध्यान में रखते हुए सम्पन्न कराई जाएं।
पंचायत चुनाव के बाद अब ग्रामीण अंचलों में जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियां औपचारिक रूप से शुरू हो जाएंगी। इससे विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ने और स्थानीय स्तर पर जन समस्याओं के समाधान में तेजी आने की संभावना है।
