UKSSSC की स्नातक स्तरीय परीक्षा हेतु जनपद टिहरी में बनाए गए दो परीक्षा केंद्र, 540 अभ्यर्थी हुए शामिल
टिहरी, 21 सितम्बर 2025।
उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) द्वारा रविवार को विभिन्न विभागों के स्नातक स्तरीय पदों के चयन हेतु लिखित प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन किया गया। यह परीक्षा प्रातः 11:00 बजे से अपराह्न 01:00 बजे तक संपन्न हुई।
जनपद टिहरी गढ़वाल में परीक्षा हेतु दो परीक्षा केंद्र बनाए गए—
- जी.जी.आई.सी. बोराड़ी, नई टिहरी (राजकीय चिकित्सालय नई टिहरी के निकट)
- मॉडर्न स्कॉलर्स एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ऋषिकेश रोड, चंबा
कुल 540 अभ्यर्थियों ने इस परीक्षा में प्रतिभाग किया।
परीक्षा के सफल आयोजन को सुनिश्चित करने हेतु जिलाधिकारी टिहरी नितिका खण्डेलवाल ने पूर्व में ही मॉडर्न स्कॉलर्स एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल चंबा पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस अवसर पर सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं अधिशासी अभियंता, नगर पालिका परिषद चंबा प्रशांत कुमार ने उन्हें सुरक्षा और परीक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
जिलाधिकारी द्वारा दोनों सेक्टर मजिस्ट्रेट को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे कोषागार नई टिहरी से परीक्षा की गोपनीय सामग्री प्राप्त कर निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाएं और परीक्षा समाप्ति के बाद सुरक्षित रूप से पैकेट्स कोषागार में जमा करें।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा में सम्मिलित अभ्यर्थियों से भी संवाद किया और उनकी सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों और स्टाफ को निर्देशित किया कि परीक्षार्थियों के लिए सहयोगात्मक और निष्पक्ष वातावरण सुनिश्चित किया जाए।
साथ ही परीक्षा केंद्र पर मौजूद विद्यालय स्टाफ, पर्यवेक्षकों और सुरक्षा कर्मियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए, ताकि परीक्षा प्रक्रिया संपूर्ण पारदर्शिता और शुचितापूर्वक संपन्न हो सके।
