चाका पट्टी क्वीली (नरेंद्रनगर विधानसभा) स्थित महिला अस्पताल में डॉक्टर, फार्मासिस्ट और स्टाफ के पद वर्षों से खाली
गजा/टिहरी, रिपोर्ट- D.P. Uniyal:
नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चाका पट्टी क्वीली स्थित महिला चिकित्सालय की स्थिति बेहद चिंताजनक है। विगत एक वर्ष से यहां केवल एक एएनएम के सहारे अस्पताल संचालित हो रहा है। डॉक्टर, फार्मासिस्ट और अन्य पद रिक्त होने से क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाएं पूरी तरह से बदहाल हो गई हैं।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संगठनों ने इस लापरवाही पर गहरा रोष जताया है। सदस्य जिला पंचायत जोत सिंह असवाल, व्यापार सभा चाका के अध्यक्ष जीत राम उनियाल, महामंत्री शेर सिंह पयाल और ग्राम पंचायत सैण के प्रधान धन सिंह सजवाण ने बताया कि अस्पताल में कार्यरत एएनएम को टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की जांच और अन्य दायित्वों में ही व्यस्त रहना पड़ता है, जिससे आम मरीजों को कोई चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं हो पा रही है।
जनप्रतिनिधियों ने बताया कि यह अस्पताल विगत एक दशक पूर्व स्वीकृत हुआ था, लेकिन डॉक्टर का पद आज तक खाली है। अस्पताल चाका स्थित निजी भवन में संचालित हो रहा है, जिसके भवन स्वामी रमेश उनियाल को पिछले 7 माह से किराया भी नहीं मिला है।
गौरतलब है कि क्षेत्र की जनता ने अस्पताल निर्माण के लिए 10 नाली भूमि दान देकर विभाग के नाम रजिस्ट्री भी कर दी है, लेकिन अभी तक भवन निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत नहीं हो सकी है।
सदस्य जिला पंचायत जोत सिंह असवाल ने कहा कि एक ओर सरकार सेवा पखवाड़े के अंतर्गत स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कर रही है, वहीं दूसरी ओर चाका अस्पताल की बदहाल व्यवस्था स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत उजागर कर रही है। उन्होंने इस मुद्दे पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय से दूरभाष पर बातचीत कर वास्तविक स्थिति से अवगत कराया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने समस्या के जल्द समाधान और आवश्यक नियुक्तियों का आश्वासन दिया है।
इस मौके पर पूर्व जेष्ठ प्रमुख ईश्वरी विजल्वाण, प्रधान दिनेश प्रसाद उनियाल, पूर्व प्रधान चंदन सिंह पयाल और मीनाक्षी उनियाल ने भी अस्पताल में डॉक्टर व अन्य स्टाफ की तत्काल नियुक्ति की मांग की है।
