📍 टिहरी | दिनांक: 31 मई, 2025
🆘⛈️ 27 मई की भारी बारिश से प्रभावित परिवारों को राशन, आश्रय व नकद सहायता उपलब्ध; स्वास्थ्य विभाग ने किया मेडिकल कैंप
टिहरी।
27 मई 2025 को हुई तेज बारिश के चलते नई टिहरी मुख्यालय स्थित मोलधार क्षेत्र की वाल्मीकि बस्ती जलभराव और मलबे की चपेट में आ गई, जिससे दर्जनों परिवार प्रभावित हुए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी श्री मयूर दीक्षित के निर्देश पर प्रशासन और नगर पालिका द्वारा तत्काल राहत कार्य प्रारंभ किए गए।
🚛 राहत कार्यों में प्रशासन की सक्रियता
तहसील प्रशासन एवं नगरपालिका की टीम ने प्रभावित घरों से पानी और मलबा हटाने के साथ-साथ सफाई कार्य को युद्धस्तर पर शुरू किया।
प्रभावित परिवारों को राहत राशन किट और कम्बल वितरित किए गए। पाँच परिवारों को राहत शिविर (नगर पालिका के सामुदायिक भवन) में अस्थायी रूप से स्थानांतरित किया गया, जहां तीन दिनों तक उन्हें भोजन, बिस्तर, बिजली, पानी, शौचालय सहित सभी मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराई गईं।
💰 आर्थिक सहायता
प्रशासन द्वारा 29 प्रभावित परिवारों को ₹5,000 की अहेतुक राहत राशि त्वरित रूप से वितरित की गई। जिलाधिकारी श्री दीक्षित ने कहा कि “प्रशासन द्वारा आपदा प्रभावितों की हरसंभव सहायता सुनिश्चित की जा रही है।”
🏥 स्वास्थ्य विभाग की पहल
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने बताया कि बस्ती में पानी भरने की जानकारी मिलते ही जिला अस्पताल बौराड़ी की स्वास्थ्य टीम को मौके पर भेजा गया। टीम ने सभी निवासियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और आवश्यक दवाएं वितरित कीं। उन्होंने कहा कि “सभी लोग स्वस्थ हैं और किसी भी जलजनित रोग की पुष्टि नहीं हुई है।”
