तहसीलदार गजा ने मौके पर पहुँचकर प्रभावित परिवार को मिलन केंद्र में कराया शिफ्ट, प्रशासन ने त्वरित राहत उपलब्ध कराई
गजा/टिहरी, 29 अगस्त 2025: Report: D.P. Uniyal-
विकासखंड फकोट के पट्टी पालकोट अंतर्गत ग्राम भुटली में शुक्रवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अरविंद सिंह कैंतुरा के आवासीय भवन की ऊपरी मंजिल की दीवार सुबह लगभग 4 बजे अचानक टूट गई, जिससे घर में सो रहे परिवार के पाँच सदस्य मलबे में दब गए।
ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुँचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घटना की सूचना राजस्व उप निरीक्षक विजय पाल राणा (पालकोट), मदन लाल उनियाल (रणाकोट) और तहसीलदार गजा बिनोद तिवारी को दी गई। तहसीलदार बिनोद तिवारी व राजस्व उप निरीक्षक नरेंद्र राणा (चाका क्वीली) तुरंत घटनास्थल पर पहुँचे और स्थानीय लोगों की मदद से परिवार के सभी सदस्यों—अरविंद सिंह कैंतुरा, उनकी पत्नी श्रीमती बबीता देवी, पुत्री कु. तान्या, कु. अनन्या और उनकी माँ श्रीमती मंगली देवी—को सुरक्षित बाहर निकाला।
प्रभावित परिवार को स्थानीय चिकित्सक द्वारा प्राथमिक उपचार दिया गया और सभी की स्थिति सामान्य बताई गई। मकान की दीवार पूरी तरह टूट जाने के कारण परिवार का राशन, कपड़े और बिस्तर आदि मलबे में दबकर खराब हो गए। राजस्व विभाग की टीम ने त्वरित राहत उपलब्ध कराते हुए परिवार को मिलन केंद्र, भुटली में शिफ्ट कर दिया। साथ ही आवश्यक राहत राशि के लिए रिपोर्ट प्रशासन को भेज दी गई है।
ग्राम प्रधान दिनेश प्रसाद, क्षेत्र पंचायत सदस्य सोहन लाल चमोली और जिला पंचायत सदस्य जोत सिंह असवाल ने प्रशासन से प्रभावित परिवार को शीघ्र राहत राशि उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि अरविंद सिंह कैंतुरा अपने मकान की मरम्मत करा सकें।
तहसीलदार गजा बिनोद तिवारी ने कहा कि आपदा प्रभावित परिवार को हर संभव सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
