मुख्यमंत्री के निर्देश पर पर्यटक स्थलों को स्वच्छ व आकर्षक बनाने की पहल, डीएम ने स्वयं उठाया झाड़ू
टिहरी गढ़वाल | 01 जनवरी 2026
नववर्ष 2026 के प्रथम दिवस पर मुनि की रेती एवं तपोवन क्षेत्र में स्वच्छता का संदेश देते हुए जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल द्वारा व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। यह अभियान माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में प्रमुख पर्यटक स्थलों को स्वच्छ, सुंदर एवं आकर्षक बनाए जाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी ने मुनि की रेती स्थित पूर्णानंद पार्किंग मैदान की नालियों में जमा कूड़े की स्वयं सफाई की। उन्होंने मौके पर ही अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद मुनि की रेती अंकिता जोशी को निर्देशित किया कि क्षेत्र की सभी नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रत्येक सप्ताह स्वच्छता अभियान के तहत नियमित निरीक्षण (चेकिंग) किए जाने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि इस लक्ष्य के साथ कार्य करें कि मुनि की रेती आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण में प्रथम स्थान प्राप्त कर सके। उन्होंने होटल संचालकों, स्थानीय व्यापारियों एवं पर्यटकों से भी स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय सहयोग की अपील की।
इसके उपरांत नगर पंचायत तपोवन की अध्यक्ष विनीता बिष्ट द्वारा जिलाधिकारी का नगर पंचायत कार्यालय में स्वागत किया गया। तत्पश्चात बजरंग सेतु का निरीक्षण किया गया, जहाँ जिलाधिकारी सहित उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा सेतु पर एकत्रित कूड़े की सफाई कर उसका समुचित निस्तारण किया गया।
इस अवसर पर सीडीएम नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल, तहसीलदार अयोध्या उनियाल, ईओ तपोवन अंजलि रावत सहित अन्य संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
