न्याय पंचायत बिरोगी के ग्राम पंचायत प्रधानों व वार्ड सदस्यों ने लिया प्रशिक्षण, पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त बनाने पर रहा फोकस
गजा | चम्बा | टिहरी गढ़वाल, डीपी उनियाल
विकास खंड चम्बा के बारातघर गजा में न्याय पंचायत बिरोगी के अंतर्गत ग्राम पंचायत प्रधानों एवं वार्ड सदस्यों का पाँच दिवसीय आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया। 27 दिसम्बर से 31 दिसम्बर तक चले इस प्रशिक्षण में 15 ग्राम पंचायत प्रधानों व वार्ड सदस्यों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायती राज व्यवस्था को सुदृढ़ करना एवं ग्रामीण विकास को गति देना रहा।
समापन दिवस पर प्रशिक्षण का उद्घाटन ग्राम पंचायत अधिकारी आज़ादबीर, महिला एवं बाल उत्थान समिति की अध्यक्ष सुनीता नौटियाल तथा मुख्य प्रशिक्षक राजीव रंजन ने संयुक्त रूप से किया। प्रशिक्षण समूहवार संचालित किया गया, जिसमें ध्वनि-दृश्य सामग्री एवं पावर पॉइंट प्रस्तुति (PPT) के माध्यम से विषयों को सरल व प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
मुख्य प्रशिक्षक राजीव रंजन द्वारा पंचायती राज अधिनियम 1993, सतत विकास के 17 लक्ष्य (SDGs), 15वां वित्त आयोग, वित्तीय संस्थान, जीपीडीपी (GPDP), व्यवस्था लेखा परीक्षा, SDGs के स्थानीकरण के 9 विषय क्षेत्र सहित पंचायती राज से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रधानों एवं वार्ड सदस्यों ने ज्ञान का परस्पर आदान-प्रदान किया, जिससे कार्यक्रम अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुआ।
समापन समारोह में एम एम खान (जिला पंचायती राज अधिकारी, टिहरी गढ़वाल) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विकसित भारत–विकसित पंचायत की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पंचायतें न्यूनतम संसाधनों से अधिकतम विकास कार्य कैसे कर सकती हैं। इस अवसर पर अन्य पंचायती राज अधिकारी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के संचालन में सहायक मुख्य प्रशिक्षक जयबीर धनाई एवं अनूप का सहयोग सराहनीय रहा। समापन पर समिति अध्यक्ष सुनीता नौटियाल ने सभी प्रतिनिधियों व प्रशिक्षकों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रधान जयेंद्र सिंह चौहान, श्रीमती बिशन देई, पूजा असवाल, नंदनी चौहान, रामप्यारी देवी, भगवानी देवी, शूरबीर लाल, सुनीता नेगी सहित अन्य ग्राम पंचायत प्रधान व वार्ड सदस्य उपस्थित रहे।
