राज्य निर्वाचन आयोग ने नैनीताल जिले में प्रमुख एवं उप प्रमुखों के निर्वाचन के दौरान हुई फायरिंग घटना पर लिया कड़ा संज्ञान
देहरादून/नैनीताल:
राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखण्ड ने नैनीताल जनपद के बेतालघाट में प्रमुख एवं उप प्रमुखों के निर्वाचन के दौरान हुई फायरिंग घटना का गंभीर संज्ञान लिया है।
इस घटना के संदर्भ में आयोग ने पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) भवाली प्रमोद शाह के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की है। वहीं, थानाध्यक्ष बेतालघाट अनीश अहमद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच की कार्रवाई प्रारंभ करने की अनुशंसा उत्तराखण्ड शासन को भेजी गई है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान हुई किसी भी प्रकार की लापरवाही या सुरक्षा चूक को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फायरिंग की इस घटना ने न केवल निर्वाचन की गरिमा को प्रभावित किया बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े किए हैं।
