महंगाई, भ्रष्टाचार और महिलाओं पर अत्याचार के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा सरकार का पुतला फूंका
चंबा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डबल इंजन सरकार पर साधा निशाना, पेट्रोल-डीजल, गैस और सोने-चांदी की बढ़ती कीमतों को लेकर जताया आक्रोश
चंबा, टिहरी गढ़वाल, SKS News।
बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार, पेपर लीक मामलों तथा महिलाओं पर हो रहे शोषण एवं अत्याचार के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी एवं शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा चंबा में जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए डबल इंजन सरकार का पुतला दहन कर विरोध जताया।
प्रदर्शन का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष साब सिंह सजवाण एवं शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शक्ति प्रसाद जोशी ने किया। इसके बाद आयोजित सभा में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला।
सभा को संबोधित करते हुए टिहरी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी नरेंद्र चन्द रमोला एवं कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष सूरज राणा ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण आम आदमी महंगाई की मार से त्रस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों का घरेलू बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। नेताओं ने कहा कि भाजपा और आरएसएस की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है तथा सरकार जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
चंबा ब्लॉक के पूर्व प्रमुख सोबन सिंह नेगी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुमन रमोला एवं पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष बीना नेगी ने कहा कि सोने और चांदी की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम परिवारों के लिए शादी-विवाह जैसे सामाजिक कार्य भी कठिन बना दिए हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर मंगलसूत्र छीनने के आरोप लगाए थे, लेकिन आज की परिस्थितियों में सरकार ने आम परिवारों के लिए मंगलसूत्र बनवाना तक मुश्किल कर दिया है।
कांग्रेस नेताओं ने पेपर लीक मामलों, बढ़ते भ्रष्टाचार और महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर भी सरकार को घेरते हुए कहा कि युवाओं का भविष्य खतरे में है और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार गंभीर नजर नहीं आ रही है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए जनता के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरि सिंह मखलोगा, शूरवीर सिंह पुंडीर, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य सुरेंद्र सिंह नेगी, पूर्व पीसीसी सदस्य उत्तम रावत, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष रविंद्र सिंह नेगी, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य सोहनलाल बहुगुणा, पूर्व सभासद सीबी भंडारी, गीता खडका, बंदना सजवाण, भद्रवीर सिंह सजवाण, न्याय पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह नेगी, देव सिंह सजवाण, मनोज तिवारी, सुमित सिंसवाल, प्रेम दत्त थपलियाल, आशीष नेगी, पूर्व छात्र नेता शिवी उनियाल, बचन लाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
