मेडिकल कॉलेज निर्माण के समर्थन में क्वीली-पालकोट क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एकजुट, 21 सदस्यीय समिति का गठन
फिपल्टी-भासौं-पलाम क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज निर्माण को बताया ग्रामीण विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम
गजा (टिहरी गढ़वाल), 29 जुलाई 2026। Report: D.P. Uniyal.
विकासखंड फकोट की पट्टी क्वीली एवं पालकोट क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने चाका में आयोजित बैठक में प्रस्तावित जिला मेडिकल कॉलेज के समर्थन में एकजुटता दिखाई। बैठक में ग्रामीण क्षेत्र फिपल्टी, भासौं एवं पलाम में मेडिकल कॉलेज निर्माण को क्षेत्र के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए 21 सदस्यीय समिति का गठन किया गया। साथ ही निर्णय लिया गया कि समिति में अन्य जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी शामिल किया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रधान संगठन के अध्यक्ष विनय रणाकोटी ने की, जबकि संचालन जिला पंचायत सदस्य चाका जोत सिंह असवाल ने किया।
ग्रामीण क्षेत्र को मिले विकास का अवसर
बैठक को संबोधित करते हुए जोत सिंह असवाल ने कहा कि विधानसभा नरेंद्र नगर, टिहरी एवं देवप्रयाग के मध्य स्थित ग्रामीण क्षेत्र फिपल्टी-भासौं-पलाम में जिला मेडिकल कॉलेज के लिए भूमि का चयन किया गया है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग इस प्रस्ताव का विरोध कर रहे हैं, जबकि यह परियोजना ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी।
ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाओं का मिलेगा लाभ
नगर पंचायत गजा के अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान ने कहा कि नई टिहरी क्षेत्र में पहले से अनेक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जबकि धार अकरिया, क्वीली, पालकोट, मखलोगी और पौड़ीखाल क्षेत्र के गांव आज भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को उपचार के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है और मेडिकल कॉलेज बनने से इस समस्या का समाधान होगा।
तीन विधानसभा क्षेत्रों को होगा लाभ
बैठक में भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश रावत, जिला पंचायत सदस्य ताजबीर सिंह खाती तथा कैबिनेट मंत्री प्रतिनिधि भगवान सिंह चौहान ने कहा कि प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज से नरेंद्र नगर, टिहरी और देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्रों सहित चार से अधिक पट्टियों के लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। उनके अनुसार ग्रामीण क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज की स्थापना दूरगामी और जनहितकारी निर्णय सिद्ध होगी।
पलायन रोकने में मिलेगी मदद
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के पूर्व सदस्य गिरीश बंठवाण, प्रधान धन सिंह सजवाण, भाजपा मंडल महामंत्री ज्योति पंत तथा पूर्व प्रधान दिनेश उनियाल ने कहा कि यह केवल मेडिकल कॉलेज का मुद्दा नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास और पलायन रोकने का भी विषय है।
उन्होंने कहा कि चाका, पोखरी, रणाकोट, लसेर और खरसाड़ा सहित आसपास के गांवों के लोगों को जिला मुख्यालय अथवा ऋषिकेश पहुंचने में कई घंटे लग जाते हैं। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज बनने से स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बेहतर होगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
21 सदस्यीय समिति का गठन
बैठक में मेडिकल कॉलेज निर्माण के समर्थन में जनजागरण एवं समन्वय के लिए 21 सदस्यीय समिति का गठन किया गया। साथ ही यह भी तय किया गया कि क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों को समिति से जोड़कर व्यापक जनसमर्थन जुटाया जाएगा। बैठक में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद प्रस्ताव भी पारित किया गया।
इस अवसर पर प्रधान मंजू रावत, गीता चौहान, रजनी गुसाईं, निर्मला पंवार, अमिता देवी, मुकेश विजल्वाण, मंगेश उनियाल, कांता रावत, गणेश भट्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य लक्ष्मी देवी, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख ईश्वरी विजल्वाण, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य ज्योति पंत, पूर्व प्रधान चंदन सिंह पयाल, व्यापार सभा चाका के महामंत्री शेर सिंह पयाल, सामाजिक कार्यकर्ता अमर सिंह, नरेंद्र सिंह, किरन गैरोला, जगत भारती, मुनेंद्र उनियाल, रविंद्र राज, गिरिजा शंकर, दिनेश प्रसाद सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
Desclaimer: यह समाचार बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा व्यक्त विचारों एवं मांगों पर आधारित है। मेडिकल कॉलेज के अंतिम स्थान एवं परियोजना से संबंधित निर्णय राज्य सरकार एवं संबंधित सक्षम प्राधिकरण द्वारा लिए जाएंगे।
