विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर बीएलओ, सुपरवाइजर एवं वॉलंटियर्स का प्रशिक्षण सम्पन्न
मतदाता सत्यापन एवं निर्वाचन कार्यों को पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से सम्पन्न कराने पर दिया गया विशेष जोर
टिहरी गढ़वाल, 03 जून 2026, SKS News।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) कार्यक्रम के अंतर्गत तहसील जाखणीधार में बीएलओ, सुपरवाइजर एवं वॉलंटियर्स के लिए द्वितीय चरण का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े कार्मिकों को मतदाता पुनरीक्षण कार्यों के लिए दक्ष एवं प्रशिक्षित बनाना था।
प्रशिक्षण एवं मूल्यांकन कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 11:00 बजे से अपराह्न 03:00 बजे तक किया गया, जिसमें कुल 63 प्रतिभागियों ने सहभागिता की। प्रशिक्षण उपरांत प्रतिभागियों की परीक्षा भी आयोजित की गई, जिसके प्रश्नपत्रों का मूल्यांकन कर परिणाम निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध करा दिए गए।
इसके पश्चात सभी प्रतिभागियों को निर्वाचन कार्यों के लिए आवश्यक सामग्री वितरित की गई, जिससे वे अपने दायित्वों का निर्वहन प्रभावी ढंग से कर सकें।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रक्रिया, निर्वाचन प्रपत्रों के सही संधारण, घर-घर सत्यापन अभियान, मतदाता विवरण संकलन एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य निष्पादन की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
अधिकारियों ने सभी बीएलओ, सुपरवाइजर एवं वॉलंटियर्स को निर्देशित किया कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान से संबंधित सभी कार्यों को गंभीरता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ संपन्न करें तथा यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन जनपद स्तरीय मास्टर ट्रेनर (DLMT) दीपक रतूड़ी द्वारा किया गया। इस अवसर पर एएलएमटी एवं नोडल आईटी प्रशिक्षण प्रभारी जयदीप कुमांई, नोडल सामग्री वितरण अधिकारी एवं नायब तहसीलदार धर्मवीर शाह तथा खंड विकास अधिकारी जाखणीधार रोशन लाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है, जिसके माध्यम से मतदाता सूची को अधिक सटीक एवं अद्यतन बनाया जा सकेगा।
