सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम में ग्रामीणों ने उठाईं समस्याएं, अधिकारियों ने समाधान का दिया भरोसा
देवप्रयाग विकासखंड के ग्राम बोरगांव में आयोजित जनसमस्या समाधान शिविर में सड़क, बिजली, पेयजल और पेंशन से जुड़े मुद्दे रहे प्रमुख
देवप्रयाग, टिहरी गढ़वाल, 29 जुलाई 2026।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार संचालित “सरकार जनता के द्वार” अभियान के तहत जनपद टिहरी गढ़वाल के विकासखंड देवप्रयाग अंतर्गत ग्राम बोरगांव में जनसमस्या समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (सीवीओ) डॉ. डी. के. शर्मा ने की। शिविर में ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं एवं विकास संबंधी मांगें अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया गया।
बिजली, सड़क और पेयजल की समस्याएं प्रमुखता से उठीं
शिविर के दौरान ग्राम पंचायत चिलपड़ की प्रधान अंजनी देवी ने गांव की पुरानी एवं जर्जर विद्युत लाइन को बदलने तथा नया विद्युत ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि वर्तमान विद्युत व्यवस्था पर्याप्त नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने ग्राम बोरगांव से चमराड़ा देवी तक सड़क निर्माण, पेयजल भंडारण के लिए नई टंकी के निर्माण तथा विद्यालय के क्षतिग्रस्त फर्श की मरम्मत की मांग भी अधिकारियों के समक्ष प्रमुखता से उठाई।
पेंशन संबंधी शिकायतें भी दर्ज
जनसमस्या समाधान शिविर में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े मामलों पर भी चर्चा हुई। इस दौरान दो वृद्धावस्था पेंशन तथा दो दिव्यांग पेंशन से संबंधित शिकायतें दर्ज की गईं। संबंधित विभागीय अधिकारियों ने सभी मामलों की नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया।
ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी भी दी गई
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को उपलब्ध कराई तथा पात्र लाभार्थियों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
अधिकारियों ने कहा कि “सरकार जनता के द्वार” अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान करना तथा विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रशांत, कृषि विभाग से विशाल, उद्यान विभाग से वंशिका, शिक्षा विभाग से जगमोहन सिंह एवं ओंकार सिंह, वन विभाग से बिजेंद्र, प्रकाश सिंह, विनोद कुमार एवं ओमप्रकाश, पीएमजीएसवाई विभाग तथा राजस्व विभाग से नवीन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
