मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का गुरुपूर्णिमा संदेश संतों तक पहुंचाया, डीएम नितिका खण्डेलवाल ने जैविक उत्पाद किए भेंट
गायत्री शक्तिपीठ में गुरुपूर्णिमा महोत्सव सम्पन्न, गुरु के आदर्शों पर चलने का किया आह्वान
टिहरी गढ़वाल, 29 जुलाई 2026।
गुरुपूर्णिमा के पावन अवसर पर टिहरी मुख्यालय स्थित अखिल विश्व गायत्री परिवार शक्तिपीठ में आयोजित गुरुपूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से गुरुपूर्णिमा का शुभकामना संदेश संतों को प्रदान किया तथा देवभूमि उत्तराखंड के जैविक उत्पाद भेंट किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर गायत्री परिवार की ओर से जिलाधिकारी का अंगवस्त्र एवं धार्मिक साहित्य भेंट कर सम्मान किया गया।
“गुरु जीवन को सही दिशा दिखाते हैं” : जिलाधिकारी
गायत्री भवन स्थित साधना केंद्र में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सभी संतों, श्रद्धालुओं एवं गायत्री परिवार के सदस्यों को गुरुपूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि गुरु वह हैं, जो मनुष्य को सत्य, ईमानदारी और सदाचार के मार्ग पर चलना सिखाते हैं। गुरु का स्थान पाने वाले प्रत्येक व्यक्ति का आचरण ऐसा होना चाहिए, जो समाज के लिए प्रेरणास्रोत बने।
उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति संस्कारित होगा तो परिवार मजबूत होगा और मजबूत परिवार मिलकर सशक्त राष्ट्र का निर्माण करेंगे। व्यक्ति की सोच और संस्कार उसके आसपास के वातावरण से विकसित होते हैं। टिहरी के लोगों की सकारात्मक सोच इस जनपद की विशेष पहचान है।
नई पीढ़ी को संस्कार देने का आह्वान
जिलाधिकारी ने कहा कि गायत्री परिवार समाज को जोड़ने और राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि समाज में ऐसा वातावरण तैयार किया जाना चाहिए जिससे बच्चों और युवाओं को अच्छे संस्कार मिलें तथा वे नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ें।
उन्होंने सभी नागरिकों से अपने गुरुजनों का सम्मान करने, उनके बताए मार्ग पर चलने तथा समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद नई टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, विजय जड़धारी, सुशील बहुगुणा, शांतिकुंज से बी.पी. बधानी, देवी सिंह पंवार, कुंवर सिंह राणा, कृष्ण भूषण पेटवाल सहित संतजन, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
