स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना के लिए सदैव याद किए जाएंगे बी.सी. खंडूड़ी : डॉ. धन सिंह रावत
पूर्व मुख्यमंत्री के निधन पर कैबिनेट मंत्री ने जताया गहरा शोक, कुमाऊं दौरा बीच में किया स्थगित
देहरादून, 19 मई 2026 | SKS News।
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ राजनेता मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवनचंद्र खंडूड़ी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि बी.सी. खंडूड़ी भारतीय राजनीति में ईमानदारी, अनुशासन और सादगी की मिसाल थे तथा देश उन्हें स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना के सफल क्रियान्वयन के लिए सदैव याद रखेगा।
पूर्व मुख्यमंत्री के निधन का समाचार मिलते ही डॉ. धन सिंह रावत ने अपना कुमाऊं मंडल दौरा बीच में ही स्थगित कर दिया तथा सभी निर्धारित कार्यक्रम निरस्त कर दिए।
“देश और उत्तराखंड के लिए अपूरणीय क्षति”
डॉ. रावत ने कहा कि मेजर जनरल बी.सी. खंडूड़ी का निधन केवल उत्तराखंड ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि खंडूड़ी ने अपने सैन्य जीवन से लेकर सार्वजनिक जीवन तक राष्ट्रसेवा को सर्वोपरि रखा और अपने कार्यों से जनमानस के बीच अलग पहचान बनाई।
उन्होंने कहा कि खंडूड़ी जी का व्यक्तित्व अत्यंत सरल, स्पष्टवादी और अनुशासित था, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना में निभाई अहम भूमिका
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार में केंद्रीय मंत्री रहते हुए बी.सी. खंडूड़ी ने देश की महत्वाकांक्षी स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना को धरातल पर उतारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि देश के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने में खंडूड़ी का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा और उनका कार्यकाल विकासवादी सोच की मिसाल के रूप में याद किया जाएगा।
डॉ. धन सिंह रावत ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों एवं समर्थकों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
