प्रदेश के स्वास्थ्य उपकेन्द्र होंगे और मजबूत, टीकाकरण एवं मातृ-शिशु सेवाओं को मिलेगी नई गति
देहरादून, 28 नवम्बर 2025
राज्य में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए उत्तराखंड सरकार ने एएनएम (सहायक नर्स दाई) और एमपीडब्ल्यू (पुरुष बहुद्देश्यीय स्वास्थ्य कर्मी) के कुल 48 नए पदों के सृजन को मंजूरी दे दी है। इन पदों में एएनएम एवं एमपीडब्ल्यू के 24-24 पद शामिल हैं।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने इन नवसृजित पदों को अनुमोदन प्रदान कर प्रदेशभर के स्वास्थ्य उपकेन्द्रों में नई तैनाती की प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए हैं।
15 स्थापित और 8 नए उपकेन्द्रों के लिए पद स्वीकृत
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, राज्य के 9 जनपदों में पूर्व से स्थापित 15 स्वास्थ्य उपकेन्द्रों एवं 8 नव प्रस्तावित उपकेन्द्रों को सुदृढ़ करने हेतु एएनएम व एमपीडब्ल्यू के 23-23 पद सृजित किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त जनपद उत्तरकाशी के नौगांव विकासखंड में स्थित ग्राम पंचायत कंसेरू के स्वास्थ्य उपकेन्द्र के लिए आईपीएचएस मानकों के तहत 1-1 अतिरिक्त पद की भी मंजूरी दी गई है।
इस प्रकार कुल 48 पदों को हरी झंडी मिल चुकी है। इनमें एमपीडब्ल्यू के 24 पद आउटसोर्स के माध्यम से भरे जाएंगे, जबकि एएनएम के पद सीधी भर्ती के द्वारा पूर्ण किए जाएंगे।
स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लक्ष्य
प्रदेश में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत बनाने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। नई तैनाती के पश्चात:
- स्वास्थ्य उपकेन्द्रों पर प्राथमिक चिकित्सा सेवाएं अधिक सुगम होंगी
- गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं की स्वास्थ्य देखभाल में सुधार आएगा
- मातृ-शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में सहायता मिलेगी
- प्रदेश में टीकाकरण अभियान को बढ़ावा मिलेगा
- ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और गुणवत्ता दोनों में वृद्धि होगी
सरकार लगातार भर रही रिक्त पद
राज्य सरकार पहले से ही एएनएम के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया चला रही है। विभाग के अनुसार, नवनिर्मित पदों पर तैनाती भी शीघ्र सुनिश्चित की जाएगी, जिससे उपकेन्द्रों पर मानव संसाधन की कमी दूर होगी और स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार होगा।
“स्वास्थ्य विभाग में एएनएम व एमपीडब्ल्यू के 24-24 पद सृजित कर दिये गए हैं। इन पदों पर शीघ्र तैनाती की जाएगी। इससे आमजन को प्राथमिक स्तर पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य देखभाल के साथ टीकाकरण अभियान में भी उल्लेखनीय सुधार होगा।”
— डॉ. धन सिंह रावत, स्वास्थ्य मंत्री, उत्तराखंड
