चंबा अस्पताल सुधार हेतु जारी जन आंदोलन को मिल रहा व्यापक जनसमर्थन, विधायक टिहरी के आश्वासन पर आज का चक्का जाम स्थगित
चंबा (टिहरी गढ़वाल)।
जन स्वास्थ्य सत्याग्रह आंदोलन अपने 15वें दिन नए चरण में प्रवेश कर गया है। चंबा अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के सुधार को लेकर चल रहे इस जन आंदोलन को लगातार जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और संगठनों का समर्थन मिल रहा है।
गत दिवस प्रतापनगर विधायक विक्रम नेगी, पूर्व विधायक डॉ. धन सिंह नेगी, प्रसिद्ध पर्यावरणविद् विजय जड़धारी, तथा पेंशनर संगठन के अध्यक्ष जगमोहन सिंह चौहान धरना स्थल पहुंचे और आंदोलनकारियों के साथ एकजुटता दिखाई।
इससे पूर्व विधायक टिहरी किशोर उपाध्याय एवं नगर पालिका अध्यक्ष शोभनी धनोला भी आंदोलनकारियों के बीच पहुंचे थे। उन्होंने सत्याग्रह का नेतृत्व कर रहे अंकित सज्वाण और रविंद्र रावत से वार्ता की और शासन स्तर पर समाधान का आश्वासन दिया। इसी के मद्देनज़र आज का प्रस्तावित चक्का जाम स्थगित कर दिया गया है।
ज्ञात हो कि पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष एवं पूर्व सभासद अंकित सज्वाण तथा रविंद्र रावत के नेतृत्व में यह सत्याग्रह चंबा अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने की 15 सूत्रीय मांगों को लेकर चल रहा है। जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारियों से वार्ता के बाद कुछ मांगों पर सकारात्मक संकेत मिले हैं, जबकि शेष मुद्दे शासन स्तर पर विचाराधीन हैं।
आंदोलनकारियों का कहना है कि—
“जब तक सभी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं हो जाता, सत्याग्रह जारी रहेगा।”
धरना स्थल पर नागरिकों, समाजसेवियों, पत्रकारों, विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों का निरंतर आगमन हो रहा है।
इस अवसर पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सूरज राणा, पूर्व जेष्ठ प्रमुख साब सिंह सज्वाण, जिला पंचायत सदस्य गीता डबराल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य कुंती सज्वाण और यल्मा सज्वाण, क्षेत्र पंचायत सदस्य कल्पना पंवार, दिनेश थपलियाल, विक्रम राणा, ललित सुयाल, दिनेश भंडारी, दरम्यान सिंह नेगी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
📍रिपोर्टः सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’
