उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय की पहल, प्रदेश के 13 जनपदों में उच्च शिक्षा एवं कौशल विकास केंद्रों से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
देहरादून, 05 सितम्बर 2025:
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय से हैलो हल्द्वानी 91.2 एफ.एम. सामुदायिक रेडियो मोबाइल एप का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह पहल शिक्षा और संस्कृति के क्षेत्र में उत्तराखण्ड को नई दिशा देने वाली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का साधन नहीं, बल्कि जीवन को दिशा देने और आत्मनिर्भरता का आधार है। इसी सोच के तहत प्रदेश के सभी 13 जनपदों में उच्च शिक्षा एवं कौशल विकास केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, जहाँ युवाओं को शिक्षा के साथ रोजगारपरक कौशल भी उपलब्ध होगा।
उन्होंने कहा कि जब विश्वविद्यालय और कौशल विकास केंद्र मिलकर कार्य करेंगे तो उत्तराखण्ड के युवा नौकरी खोजने वाले नहीं बल्कि नौकरी देने वाले बनेंगे। यह प्रयास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत संकल्प को साकार करने में राज्य की महत्वपूर्ण भूमिका सुनिश्चित करेगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि राज्य सरकार ने देहरादून में उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय का एक प्रमुख केंद्र स्थापित करने का निर्णय लिया है, जो शिक्षा, प्रशिक्षण, शोध, नवाचार और डिजिटल शिक्षा का हब बनेगा।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने विश्वविद्यालय की गतिविधियों की जानकारी दी और मुख्यमंत्री राहत कोष हेतु ₹1,49,000 का चेक मुख्यमंत्री को सौंपा।
कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, यूकॉस्ट महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत, कुलसचिव श्री खेमराज भट्ट और विश्वविद्यालय के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
