शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने दी जानकारी — जनपदवार रिक्तियों के सापेक्ष शीघ्र आमंत्रित होंगे आवेदन, नियमावली संशोधन से एनआईओएस डीएलएड प्रशिक्षुओं को भी मिलेगा अवसर
देहरादून, 2 नवम्बर 2025।
उत्तराखंड में प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राज्य सरकार ने प्राथमिक शिक्षकों के 2100 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के निर्देश पर शासन ने निदेशक प्राथमिक शिक्षा को आदेश जारी किए हैं कि जनपदवार रिक्तियों के सापेक्ष आवेदन पत्र शीघ्र आमंत्रित किए जाएं।
🔹 न्यायालय में लंबित पदों को छोड़ शेष 1649 पदों पर भर्ती प्रारम्भ
डॉ. रावत ने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में प्राथमिक शिक्षकों के लगभग 2100 पद रिक्त हैं, जिनमें से 451 पद उच्च न्यायालय में विचाराधीन हैं। इन पदों को छोड़कर शेष 1649 पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रारम्भ करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि चूंकि प्राथमिक शिक्षकों का जनपद कैडर होता है, इसलिए भर्ती संबंधी विज्ञप्ति जिला स्तर पर जारी की जाएगी और जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) के माध्यम से रिक्तियों के सापेक्ष आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे।
🔹 एनआईओएस डीएलएड प्रशिक्षुओं को भी मिलेगा अवसर
शिक्षा मंत्री ने बताया कि पहले कुछ अभ्यर्थियों द्वारा एनआईओएस डीएलएड को शामिल करने को लेकर न्यायालय में मामला लंबित था, जिससे भर्ती प्रक्रिया बाधित हो गई थी।
सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद राज्य कैबिनेट ने बेसिक शिक्षक सेवा नियमावली में संशोधन कर वर्ष 2017 से 2019 एनआईओएस डीएलएड प्रशिक्षुओं को प्राथमिक शिक्षक भर्ती में शामिल करने का निर्णय लिया है।
साथ ही, सहायक अध्यापक (विशेष शिक्षा) के पदों को भी नियमावली में शामिल किया गया है, जिससे भविष्य की भर्ती में इन अभ्यर्थियों को भी अवसर प्राप्त होगा।
🔹 प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत
डॉ. रावत ने बताया कि सरकार बीते दो वर्षों से प्राथमिक शिक्षा प्रणाली को सशक्त बनाने हेतु लगातार शिक्षक नियुक्ति कर रही है। अब तक 3000 से अधिक पद भरे जा चुके हैं।
नई भर्ती प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद प्रदेश के सभी प्राथमिक विद्यालयों में शत-प्रतिशत शिक्षकों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी, जिससे प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता और ढांचा दोनों सुदृढ़ होंगे।
