राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष पर नई टिहरी में भावनात्मक पल — शहीद आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि और संघर्षशील कार्यकर्ताओं को किया गया सम्मानित
📍स्थान: नई टिहरी, टिहरी गढ़वाल | दिनांक: 08 नवम्बर, 2025
उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आज शनिवार को जनपद टिहरी गढ़वाल में उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारी सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
मुख्य कार्यक्रम प्रताप इंटर कॉलेज, बौराड़ी (नई टिहरी) में हुआ, जहां विधायक टिहरी किशोर उपाध्याय एवं जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर राज्य आंदोलन में सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों को नमन किया गया और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। तत्पश्चात जनपद के 90 राज्य आंदोलनकारियों को स्मृति चिन्ह, पुष्पमाला एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष नई टिहरी मोहन सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय सिंह रावत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, नगर पालिका अध्यक्ष चम्बा शोभनी धनोला, राज्य आंदोलन समिति के जिलाध्यक्ष ज्योति प्रसाद भट्ट एवं महासचिव किशन सिंह रावत, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
इस दौरान मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों ने विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया। बाल विकास विभाग द्वारा लाभार्थी महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई। वहीं जिला सहकारी बैंक की ओर से दीनदयाल उपाध्याय योजना के अंतर्गत 09 लाभार्थियों को 1 लाख, 1.5 लाख एवं 5 लाख रुपये की धनराशि के चेक प्रदान किए गए।
स्कूली बच्चों ने राज्य की समृद्ध संस्कृति पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्हें विशेष रूप से सराहा गया और सम्मानित किया गया।
विधायक किशोर उपाध्याय ने अपने संबोधन में शहीद आंदोलनकारियों को नमन करते हुए कहा कि आज का उत्तराखण्ड उन्हीं के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अब हमारा दायित्व है कि उनके सपनों के अनुरूप एक समृद्ध, स्वावलंबी और पर्यावरण-संतुलित उत्तराखण्ड का निर्माण करें।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के संघर्षों के कारण ही आज राज्य निरंतर विकास की राह पर अग्रसर है। उन्होंने राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष एवं सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में जनपद में चल रहे विविध आयोजनों की जानकारी भी दी।
राज्य आंदोलनकारी संगठन के अध्यक्ष ने आंदोलन के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला, जबकि महासचिव ने आंदोलनकारियों से संबंधित 7 सूत्रीय मांग पत्र प्रशासन को सौंपा। कार्यक्रम का समापन मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल के धन्यवाद ज्ञापन से हुआ।
इस अवसर पर एडीएम अवधेश कुमार सिंह, एएसपी जे.आर. जोशी, डीडीओ मो. असलम, सीएमओ श्याम विजय, एसडीएम संदीप कुमार सहित राज्य आंदोलनकारी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
