टिहरी में वन अग्नि को लेकर प्रशासन अलर्ट, एडीएम ने जनसहभागिता से जंगल बचाने की अपील
बढ़ती गर्मी और शुष्क मौसम के बीच प्रशासन ने जारी की चेतावनी, ग्रामीणों और वन पंचायतों से सहयोग का आह्वान
टिहरी गढ़वाल, 22 मई 2026, SKS News।
जनपद टिहरी गढ़वाल में लगातार बढ़ती गर्मी और शुष्क मौसम को देखते हुए प्रशासन ने वन अग्नि की घटनाओं को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने समस्त जनपदवासियों से जंगलों को आग से बचाने हेतु सहयोग और जागरूकता की अपील की है।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जंगलों में लगने वाली आग केवल वन संपदा को ही नुकसान नहीं पहुंचाती, बल्कि पर्यावरण, वन्यजीवों और मानव जीवन के लिए भी गंभीर खतरा बन जाती है। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जंगलों और वन क्षेत्रों के आसपास जलती हुई बीड़ी, सिगरेट अथवा माचिस की तीली न फेंकी जाए तथा सूखी घास और झाड़ियों में आग लगाने जैसी लापरवाही से बचा जाए।
उन्होंने कहा कि छोटी सी असावधानी भी बड़े वन अग्निकांड का कारण बन सकती है, जिससे प्राकृतिक संसाधनों को भारी क्षति पहुंचती है। प्रशासन द्वारा वन अग्नि की सूचना एवं त्वरित सहायता के लिए टोल फ्री नंबर भी जारी किए गए हैं। आमजन से इन नंबरों का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने तथा कहीं भी आग लगने की स्थिति में तुरंत संबंधित विभाग को सूचना देने की अपील की गई है, ताकि समय रहते आग पर नियंत्रण पाया जा सके।
प्रशासन ने सभी ग्राम प्रधानों, वन पंचायतों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं स्थानीय नागरिकों से वन संरक्षण और जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया है। प्रशासन का कहना है कि जनसहभागिता और सामूहिक प्रयासों से ही वन अग्नि जैसी गंभीर घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
