चमुआखाल भेंकळीऐंच से प्रादुर्भूत टिहरी जनपद का चम्बा शहर एक छोटे से नोटिफाइड एरिया से आज नगर पालिका परिषद में तब्दील हो एक स्वच्छ एवं सुन्दरतम शहर का दर्जा हासिल कर चुका है। इस नगर में अवस्थित विभिन्न काम्पलेक्स नगर की सुन्दरता को चार चांद लगाते हैं।
यूं तो इस शहर में विभिन्न शॉपिंग काम्पलेक्स एवं शॉपिंग मॉल हैं। जिनमें प्रमुखतयाः सबसे पुराना पुरानी टिहरी मार्ग पर श्रीराम मार्केट एवं मसूरी मार्ग पर रमोला मार्केट है। इसके बाद यहां केदार मार्केट तथा भरत मार्केट का निर्माण हुआ। जब यह नगर नोटिफाईड एरिया अर्थात् नगर पंचायत था। पूर्व में नगर के ऋषिकेश मार्ग पर सर्वाधिक कच्चे खोखे थे।
तत्समय तत्कालीन अधिशासी अधिकारी टी.आर. उनियाल एवं नगर पंचायत अध्यक्ष पीयूष उनियाल के कुशल निर्देशन में यहां दोनों तरफ पक्की दुकानों का निर्माण नगर पंचायत द्वारा करवाया गया। तब जाकर खोखा धारकों को पक्की दुकानें आबंटित हो सकीं। वीसी चौराहे अर्थात् विजय चौक के समीप की कुछ वर्षों पूर्व विक्टोरिया क्रास विजेता गबरसिंह वीसी की जन्मस्थली मंज्यूड़ गांव के स्व0 सुन्दरसिंह के नाम पर उनके पुत्रों द्वारा सुन्दर शॉपिंग काम्पलेक्स का निर्माण किया गया है।
इस काम्पलेक्स में करीबन चार दर्जन सुसज्जित दुकानें हैं। जिनमें से सर्वाधिक लेडीज एवं जेन्ट्स परिधानों की हैं। इसके अलावा ज्वैलरी एवं अन्य प्रकार की दुकानें भी इस काम्पलेक्स के भीतर हैं। संयोगवश इस काम्पलेक्स में अवस्थित भूपेन्द्र सिहं तड़ियाल की तड़ियाल कलक्शन नामक शॉप में चले गए। जहां साथियों द्वारा हल्की फुल्की शॉपिंग भी गई।
देहरादून के पल्टन बाजार एवं इन्दिरा मार्केट की अपेक्षा यहां पर वस्त्रादि के दामों में भारी राहत दिखी। काम्पलेक्स में शांतिपूर्ण वातावरण के साथ स्वच्छता भी है। कुल मिलाकर नगर पालिका परिषद चम्बा के अंतर्गत अवस्थित यह काम्पलेक्स नगर की सुन्दरता पर चार चांद लगाता हुआ नगर की शोभा बढ़ा रहा है।
