दैवीय आपदा क्षति आकलन, सड़क-सफाई, ड्रेजिंग व विस्थापन प्रस्तावों की प्रगति पर हुई विस्तृत चर्चा — डीएम ने सभी विभागों को दिए समन्वित कार्रवाई के निर्देश
टिहरी/दिनांक 09 अक्टूबर, 2025।
जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल सुश्री नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में बुधवार देर सायं मानसून सत्र 2025 की तैयारियों को लेकर जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा उपलब्ध कराए गए दैवीय आपदा क्षति आकलन (Damage Assessment) प्रस्तावों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि एसडीआरएफ (State Disaster Response Fund) एवं नॉन-एसडीआरएफ मदों के प्रस्ताव अलग-अलग तैयार कर जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय को उपलब्ध कराए जाएं, ताकि समय पर स्वीकृति एवं राहत कार्य सुचारू रूप से संचालित किए जा सकें।
डीएम ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि मानसून सत्र के दौरान बजट की प्रत्याशा में किए गए कार्यों की देनदारियों का विवरण व्यवस्थित रूप से तैयार रखें, ताकि वित्तीय स्वीकृतियों के बाद भुगतान में कोई विलंब न हो।
सीआरए जिला कलेक्ट्रेट को निर्देश दिए गए कि मानसून सत्र के बाद ऐसे गांवों की सूची तैयार करें जिनकी विस्थापन मांग लंबित है।
लोक निर्माण विभाग (PWD), पीएमजीएसवाई, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों को झाड़ी कटान, सड़क एवं नाली सफाई कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रतिदिन फोटोग्राफ्स सहित उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
सभी एसडीएमों को सिंचाई विभाग से संबंधित ड्रेजिंग स्वीकृति हेतु फॉरेस्ट नियमों के अनुरूप प्रस्ताव तैयार कर खनन विभाग को रिपोर्ट भेजने को कहा गया।
डीडीएमओ बृजेश भट्ट को निर्देश दिए गए कि आपदा क्षति के ब्लॉकवार प्रस्ताव, तहसीलवार पूर्ण जियोलॉजिकल सर्वे रिपोर्ट, और सोंग बांध परियोजना के अंतर्गत क्षतिग्रस्त मकानों व विस्थापन मांग से संबंधित विवरण तैयार करें।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग (NH), राज्य मार्ग (SH) एवं मेजर जिला सड़कों, स्नोफॉल और अधिक वर्षा प्रभावित क्षेत्रों का तहसील एवं ब्लॉकवार GIS मैप तैयार कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में एडीएम अवधेश कुमार, एसई लोनिवि के.एस. नेगी, एसडीएम टिहरी संदीप कुमार, डीएसओ मनोज डोभाल, डीडीएमओ बृजेश भट्ट, ईई पेयजल के.एन. सेमवाल, ईई जल संस्थान प्रशांत भारद्वाज, ईई सिंचाई अनूप ड्यूंडी, ईई पीएमजीएसवाई, तहसीलदार मो. शहदाब सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
