राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती वर्ष पर महिलाओं के सम्मान और ग्राम विकास के लिए प्रेरणादायी पहल, शहीद स्मृति द्वार पर श्रद्धांजलि से हुई शुरुआत
टिहरी/दिनांक 07 नवम्बर, 2025।
उत्तराखंड राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में जिला पंचायतीराज विभाग टिहरी गढ़वाल के तत्वावधान में विकासखंड चंबा के ग्राम पंचायत धारकोट में शुक्रवार को महिला एवं बाल सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विधायक टिहरी किशोर उपाध्याय एवं जिलाधिकारी टिहरी नितिका खंडेलवाल सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों ने सहभागिता की।
ग्रामवासियों ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों से जिलाधिकारी एवं अतिथियों का भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ ऑपरेशन विजय शहीद राम सिंह परमार स्मृति द्वार पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुआ। इसके उपरांत महिला सभा में ग्राम की बुजुर्ग महिला टिहरी देवी की अध्यक्षता में दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम प्रारंभ हुआ, जिसमें वरिष्ठ महिलाओं को पुष्पमालाओं से सम्मानित किया गया।
विधायक किशोर उपाध्याय ने अपने संबोधन में कहा कि “उत्तराखंड राज्य आंदोलन में महिलाओं की भूमिका अविस्मरणीय रही है। जिलाधिकारी द्वारा नारी सम्मान और उनकी समस्याओं को सुनने के उद्देश्य से शुरू की गई यह **‘महिला सभा’ पहल अत्यंत सराहनीय है।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, मुख्यमंत्री से लेकर जिलाधिकारी तक सभी स्थानीय लोकसंस्कृति के संरक्षण और महिला सशक्तिकरण के लिए संवेदनशील हैं।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक ग्रामसभा में महिलाओं की कीर्तन मंडलियों को ढोल जैसे पारंपरिक वाद्ययंत्र उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने बच्चों की शिक्षा पर फोकस रखने और ग्रामों को नशामुक्त बनाने की अपील की। सभा में सुमित्रा देवी ने अपने पुत्र की स्वास्थ्य समस्या बताई, जिस पर विधायक ने आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही बारातघर के इंटरलॉक टाइल्स लगाने का प्रस्ताव भी स्वीकृत किया गया।
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने कहा कि पंचायतीराज अधिनियम के तहत ग्रामसभा के संसाधनों का उपयोग सामूहिक हित में प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। उन्होंने बाहरी लोगों के सत्यापन को लेकर कहा कि सभी थानों को निर्देश दिए गए हैं कि वे बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन कर सूची ग्राम प्रधानों को उपलब्ध कराएं। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत हेल्पलाइन नंबर 100 पर दी जा सकती है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता के लिए पंचायत निधि में 30 प्रतिशत राशि उपलब्ध होती है, जिसका उपयोग कूड़ा निस्तारण हेतु किया जाना चाहिए। खेल मैदान की व्यवस्था जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के सहयोग से की जाएगी। साथ ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1905 पर भी समस्याएं दर्ज कराई जा सकती हैं।
महिला सभा में 13 प्रस्ताव प्राप्त हुए जिनमें बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन, खेलकूद मैदान, बारातघर टिनशेड, नाली निर्माण, जंगली जानवरों से सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधा, राशन वितरण आदि शामिल थे। वहीं बाल सभा में बच्चों ने स्कूल सुधार, पुस्तकालय निर्माण, खेल सामग्री और संगीत वाद्ययंत्र उपलब्ध कराने की मांग रखी।
जिलाधिकारी ने सभी प्रस्तावों को आगामी जीपीडीपी बैठक में शामिल करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख चंबा सुमन सजवाण, क्षेत्र पंचायत सदस्य उत्तम सिंह पंवार, ग्राम प्रधान गीता रावत, डीपीआरओ एम.एम. खान, अधिशासी अभियंता जल संस्थान प्रशांत भारद्वाज, खण्ड विकास अधिकारी शाकिब हुसैन, सहित अधिकारीगण, जनप्रतिनिधि, महिलाएं, बच्चे एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
