नगर निगम, पुलिस और शासन पर लापरवाही व जनता से धोखे के आरोप
अल्मोड़ा, Report: Sanjay Pandey:
व्यापार मंडल के पूर्व जिला अध्यक्ष हरेंद्र वर्मा ने अल्मोड़ा नगर की बदहाल व्यवस्था, प्रशासनिक सुस्ती और जनसमस्याओं की अनदेखी पर कड़ी नाराज़गी जताई है। उन्होंने प्रेस बयान में नगर निगम, पुलिस और शासन को जनता के प्रति गैर-जिम्मेदार ठहराते हुए कई गंभीर मुद्दों को उठाया।
🚧 क्वारब–कैंची मार्ग: वैकल्पिक समाधान न होने पर हमला
वर्मा ने कहा कि कैंची से क्वारब तक वैकल्पिक मार्ग न होने से जनता लगातार परेशानी झेल रही है।
“सवा साल बीत गया, लेकिन न तो वैकल्पिक सड़क बनी और न ही कोई ठोस इंतज़ाम। यह मोदी सरकार और नितिन गडकरी जी के दावों का खंडन है। सड़क एवं परिवहन राज्य मंत्री सिर्फ धनराशि गिनाते हैं, जबकि जनता को स्थायी समाधान चाहिए। उन्हें बताना चाहिए कि वैकल्पिक मार्ग पर यातायात कब शुरू होगा।”
📱 ऑनलाइन चालान व्यवस्था पर तीखी आपत्ति
वर्मा ने कहा कि क्वारब से तनावपूर्ण सफर करने के बाद घर लौटते ही मोबाइल पर चालान आना जनता के साथ अन्याय है।
“यदि पुलिस को सिर्फ लक्ष्य पूरा करना है तो क्या क्वारब या रानीखेत की ओर से आने वाले वाहन ही आसान शिकार हैं?”
🎉 नंदादेवी मेले में प्रशासन की नाकामी
उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में हुए नंदादेवी मेले में पुलिस और प्रशासन की निष्क्रियता साफ दिखी।
“बाहरी व्यापारी दुकानें लगाते रहे, लेकिन जिला प्रशासन और तीनों विभाग चुप रहे। रामलीला के दौरान भी बाजार में पुलिस मौजूद नहीं रही।”
🚪 थाने के सामने गेट बंद करने की घटना
उन्होंने नाराज़गी जताते हुए कहा कि 22, 25 और 26 तारीख को अलग-अलग समयों पर थाने के सामने स्थित गेट अचानक बंद कर दिया गया।
“कहा गया कि चाबी मेयर के पास है। जब गेट लंबे समय से खुला था और लोग उसी पर निर्भर थे, तो अचानक बंद करना जनता के साथ ज़्यादती है। मेयर को गेट बंद करने के बजाय रामलीला और दुर्गा पूजा के समय यातायात और पुलिस व्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए था।”
🏙️ नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल
वर्मा ने नगर की अव्यवस्था पर कहा—
“नगर निगम की स्थिति समझ से परे है। आवारा पशुओं की संख्या बढ़ रही है। मेयर और आयुक्त ने पार्षदों से एक हफ्ते में बंदर पकड़ने का वादा किया था, लेकिन दो हफ्ते बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। नालों की सफाई और व्यवस्था भी चरमराई हुई है।”
🚲 “ट्रिपल इंजन की सरकार साइकिल बन गई”
वर्मा ने तीखा तंज कसते हुए कहा—
“ट्रिपल इंजन की सरकार अब साइकिल बनकर रह गई है। नाले लीक हो रहे हैं, मेयर, पार्षद और अधिकारी सब देखकर निकल जाते हैं लेकिन कार्रवाई शून्य है। इच्छा शक्ति की कमी ने शहर के विकास को रोक दिया है।”
🙏 नागरिकों से आह्वान
वर्मा ने जनता से कहा—
“मैं अल्मोड़ा वासियों से आग्रह करता हूं कि जब आप अपना प्रतिनिधि चुनते हैं तो उससे सवाल भी करें। यदि काम न हो रहे हों तो विरोध करें। सही को सही और गलत को गलत कहने का साहस रखना होगा, वरना हमारा शहर विकास की दौड़ में बहुत पीछे रह जाएगा।”
