टिहरी गढ़वाल प्रशासन, पारदर्शी परीक्षा प्रक्रिया, अभ्यर्थियों का मनोबल
टिहरी, 28 सितम्बर 2025। स्नातक स्तरीय प्रतियोगिता परीक्षा-2025 के प्रश्नपत्र लीक प्रकरण के संदर्भ में विशेष अन्वेषण दल (SIT) अभ्यर्थियों और आमजन से सीधा संवाद स्थापित करेगा। इसके लिए आज 29 सितम्बर 2025 को पूर्वाह्न 12:00 बजे से 01:00 बजे तक जिला कलेक्ट्रेट सभागार, नई टिहरी में जन संवाद बैठक आयोजित की जाएगी।
इस बैठक में परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी, उनके अभिभावक, कोचिंग संस्थानों से जुड़े प्रतिनिधि एवं जनसरोकार रखने वाले नागरिक अपने प्रश्न, शंकाएं और सुझाव सीधे एसआईटी के समक्ष रख सकेंगे।
जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि यह संवाद बैठक परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने और अभ्यर्थियों का मनोबल बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने बताया कि बीते सप्ताह टिहरी के बच्चों के साथ आयोजित विशेष बैठक में विद्यार्थियों ने अपने विचार साझा किए थे। इस अवसर पर जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों को निष्पक्ष व पारदर्शी परीक्षा प्रक्रिया के बारे में अवगत कराया और उनका उत्साहवर्धन किया।
